घटनास्थल पर रोते- बिलखते परिजन
- फोटो : अमर उजाला
आजमगढ़ जिले के कप्तानगंज थाना क्षेत्र के शारदा सहायक खंड-32 नहर के पास पासीपुर में शुक्रवार देर शाम तेज रफ्तार बोलेरो की चपेट में आने से तीन छात्राएं घायल हो गईं। हादसे में एक छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य छात्राएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया।
कैसे हुआ हादसा
पुलिस के अनुसार लहरपार गांव निवासी आरुषि राव (12) पुत्री हरेंद्र राम पूर्व माध्यमिक विद्यालय रसूलपुर पासीपुर में कक्षा छह की छात्रा थी। शुक्रवार को विद्यालय की छुट्टी के बाद वह अपनी सहेलियों रोशनी राव (14) पुत्री फूलचंद निवासी लहरपार और संजना राजभर (12) पुत्री रमेश राजभर निवासी पासीपुर के साथ घर लौट रही थी। इसी दौरान सामने से तेज रफ्तार में आ रही बोलेरो ने तीनों को टक्कर मार दी।
हादसे में आरुषि राव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि रोशनी राव और संजना राजभर गंभीर रूप से घायल हो गईं। दोनों घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है। मृतका आरुषि तीन बहनों में सबसे बड़ी थी। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मां मनीषा का रो-रोकर बुरा हाल है।
क्या बोली पुलिस
इस संबंध में थानाध्यक्ष जयप्रकाश ने बताया कि मृतका के पिता की तहरीर पर अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और वाहन चालक की तलाश की जा रही है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।