मुबारकपुर। क्षेत्र में बोहरा समाज के लोगों ने रविवार को ईद का पर्व बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया। अल सुबह छह बजे पूरारानी स्थित मोहम्मदी मस्जिद में ईद की नमाज दुगाना अदा की गई। ईद की नमाज दुगाना मुल्ला काएद जौहर शाकिर ने पढ़ाई। इसके बाद बोहरा समाज के लोगों ने एक दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी और पूरे दिन लोगों ने ईद की खुशियां मनाई। बोहरा समाज के लोग मिस्री कैलेंडर के हिसाब से प्रति वर्ष दो दिन पूर्व से ही रोजा रखना शुरू कर देते हैं और तीस रोजे मुकम्मल करने के बाद ही ईद मनाते हैं। शनिवार को बोहरा समाज के लोगों का तीस रोजा पूरा हो गया था। इसके बाद रविवार को बोहरा समाज के लोगों ने ईद का पर्व अकीदत व हर्षोल्लास के साथ मनाया।
बोहरा समाज की मस्जिद कस्बे के बीचोबीच मोहल्ला पूरारानी में स्थित है। इसी मस्जिद में प्रतिवर्ष ईद की नमाज अदा की जाती है। ईद की नमाज के बाद लोग मुख्य पकवान सेवई आदि व्यंजनों का लुत्फ उठाया। एक दूसरे से गले मिलकर मुबारकबाद देते रहे। मुल्ला काएद जौहर शाकीर साहब ने बोहरा धर्मगुरु सैयदना मुफद्दल सैफुद्दीन ने आपसी भाईचारे का पैगाम सुनाया और देश में अमन शांति के लिए दुआएं मागी। इस मौके पर शेख सैफुद्दीन, नसीम अख्तर, मुस्तफा, अली असगर, हसन अख्तर आदि मौजूद थे।