मृतक दिनेश उर्फ मधुर निषाद की फाइल फोटो। संवाद
अतरौलिया थाना क्षेत्र में मंगलवार को संदिग्ध परिस्थितियों में शेरवा गांव निवासी दिनेश उर्फ मधुर निषाद (40) का शव मिला। सूचना पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पत्नी आशा ने पुलिस को दिए बयान में हत्या की आशंका जताई है।
परिजनों ने बताया कि दिनेश मंगलवार सुबह मजदूरी करने के लिए घर से निकले थे। जब वह काफी देर तक वापस नहीं लौटे, तो परिवार वालों को चिंता हुई। इसी दौरान अतरैठ बाजार के पास मच्छरहटा स्थित रपटा पुल के निकट उनका शव पड़ा मिला। लोगों ने इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी।
पत्नी ने बताया कि सुबह सुरेश नाम का एक व्यक्ति दिनेश को सीमेंट उतारने के काम के लिए अपने साथ ले गया था। घर से निकलते समय दिनेश ने काम से लौटकर ससुराल जाने की बात कही थी लेकिन कुछ देर बाद ही अतरैठ में उनका शव मिलने की सूचना मिली।
पत्नी का आरोप है कपड़े फटे हुए थे, शव की हालत देखकर लगता है कि हत्या करने के बाद शव को वहां फेंका गया है। घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष देवेंद्र नाथ दुबे पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
थानाध्यक्ष देवेंद्र नाथ दुबे ने बताया कि परिजनों की ओर से डूबने के संबंध में तहरीर दी गई है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।