यूपी बोर्ड परीक्षा में अब कुछ ही माह शेष रह गए हैं। ऐसे में विभाग की कवायद तेज हो गई है। परीक्षा में किसी प्रकार की गड़बड़ी न हो इसे लेकर सतर्कता भी बरती जा रही है। उत्तर पुस्तिका व प्रश्नपत्र और गोपनीय सामग्री परीक्षा केंद्रों पर डबल लॉक में रखे जाएंगे। इसके लिए विभाग ने सभी परीक्षा केंद्र व्यवस्थापकों और प्रधानाचार्यों को निर्देश जारी किए हैं।
बोर्ड परीक्षा 2021-22 को लेकर माध्यमिक शिक्षा परिषद किसी तरह की ढिलाई बरतना नहीं चाहता है। इसके लिए हर काम को समय पर पूरा करने की कोशिश की जा रही है। अब प्रश्नपत्रों का वितरण किया जाना है। इनको परीक्षा केंद्र पर डबल लॉक में रखा जाएगा। जिला विद्यालय निरीक्षक डा. वीके शर्मा ने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर डबल लॉक की आलमारी रखी जाएगी। इसके लिए केंद्र व्यवस्थापक और प्रधानाचार्य को निर्देश दिए गए हैं। बताया कि प्रश्नपत्रों की गोपनीयता के लिए एक चाबी केंद्र व्यवस्थापक के पास तथा दूसरी चाबी परीक्षा केंद्र पर नियुक्त शिक्षक के पास रहेगी।