फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

समय पर कार्य पूरा न करने वाले ठेकेदारों को करें ब्लैक लिस्ट : धर्मेंद्र यादव

विज्ञापन
विज्ञापन
आजमगढ़। कलेक्ट्रेट सभागार में बुधवार को सांसद लोकसभा सदर धर्मेंद्र यादव की अध्यक्षता तथा सह अध्यक्ष सांसद लालगंज दरोगा प्रसाद सरोज की उपस्थिति में दिशा की बैठक आयोजित की गई। इस दौरान विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। सांसद ने समय पर कार्य न पूरा करने वाले ठेकेदारों को ब्लैक लिस्ट करने के निर्देश दिए।
विज्ञापन

बैठक में प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना (पीएमजीएसवाय) की समीक्षा करते हुए सांसद ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सड़क निर्माण कार्य निर्धारित समय में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करें। सड़कों का निर्माण इस तरह हो कि जलभराव न हो और वे कम से कम पांच वर्ष तक टिकाऊ रहें। जर्जर सड़कों की मरम्मत और पुनर्निर्माण के लिए तत्काल कार्रवाई करने को कहा गया। साथ ही, जनप्रतिनिधियों को गलत सूचना देने से बचने की हिदायत दी गई।
00
सड़क को दुरुस्त करने के निर्देश
राष्ट्रीय ग्रामीण पेयजल कार्यक्रम की समीक्षा में सांसद ने पाइपलाइन डालने के लिए कटी सड़कों की गुणवत्तापूर्ण बहाली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पीडब्ल्यूडी से सड़क निर्माण प्रस्तावों की स्थिति की जानकारी मांगी और दुर्वासा ऋषि एवं दत्तात्रेय आश्रम तक जाने वाली सड़कों की मरम्मत तत्काल शुरू करने को कहा। महराजगंज से बिलरियागंज सड़क के निर्माण में देरी पर नाराजगी जताते हुए तत्काल कार्य शुरू करने के निर्देश दिए।
विज्ञापन

स्वास्थ्य सेवाओं में हो सुधार
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की समीक्षा में सांसद धर्मेंद्र ने प्राथमिक और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में एंटी-वेनम और रेबीज इंजेक्शन की शत-प्रतिशत उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने मंडलीय जिला चिकित्सालय में अनियमितताओं को दूर करने और सिटी स्कैन मशीन को तत्काल ठीक करने के निर्देश दिए, ताकि जरूरतमंद मरीजों को सुविधा मिल सके। आयुष्मान भारत योजना के तहत गोल्डन कार्ड धारकों को मुफ्त इलाज सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
गलत बिलिंग में सुधार के निर्देश
विद्युत विभाग की समीक्षा में जले हुए ट्रांसफार्मरों को समय पर बदलने, गलत बिलिंग की शिकायतों का निवारण करने और बिजली कटौती की समस्या को तत्काल ठीक करने के निर्देश दिए गए। जनप्रतिनिधियों के प्रस्तावों के आधार पर ट्रांसफॉर्मर की क्षमता वृद्धि और 11,000 केवीए के तारों को आबादी से हटाने की कार्रवाई करने को कहा।
कैफियात का संचालन प्लेटफॉर्म एक से करने के निर्देश
रेलवे की समीक्षा में सांसद ने आजमगढ़ से दिल्ली तक चलने वाली कैफियात ट्रेन को प्लेटफॉर्म नंबर 1 से संचालित करने और नई ट्रेनों के प्रतिदिन संचालन के लिए कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। रेलवे स्टेशन पर लिफ्ट और स्वचालित सीढ़ियों की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। बाढ़ प्रबंधन के लिए सगड़ी तहसील में बाढ़ चौकियों को समय पर स्थापित करने और वहां टॉयलेट, पानी, खाद्य सामग्री और स्वास्थ्य शिविर की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए।
सड़क सुरक्षा पर दें विशेष ध्यान
संसद सदस्य सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में सांसद ने सड़क दुर्घटनाओं में 50 प्रतिशत कमी लाने का लक्ष्य रखा। उन्होंने स्कूलों में बच्चों के माध्यम से जागरूकता अभियान चलाने, ब्लैक स्पॉट पर साइनेज और स्पीड ब्रेकर लगाने, अवैध कट बंद करने, और बिना लाइसेंस वाहन चलाने पर रोक लगाने के निर्देश दिए। साथ ही, नशा न करने, हेल्मेट पहनने और सड़क नियमों का पालन करने के लिए जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया। इसके साथ ही स्वच्छ भारत मिशन, अमृत योजना, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, दीन दयाल उपाध्याय ग्राम ज्योति योजना, उज्ज्वला योजना, राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना, मनरेगा, और बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ जैसी योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सीडीओ ने किया आश्वस्त
मुख्य विकास अधिकारी परीक्षित खटाना ने सांसद और जनप्रतिनिधियों को आश्वस्त किया कि दिए गए सुझावों का शत-प्रतिशत अनुपालन किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बैठक में पूरी तैयारी के साथ आएं, सही सूचना दें, और जनप्रतिनिधियों के सुझावों को कार्ययोजनाओं में शामिल करें।
इनकी रही उपस्थिति
बैठक में विधायक आलमबदी, अखिलेश यादव, डॉ. संग्राम यादव, पूजा सरोज, डॉ. एचएन सिंह पटेल, नफीस अहमद, जिला पंचायत अध्यक्ष विजय यादव, अपर जिलाधिकारी गंभीर सिंह, परियोजना निदेशक, जिला विकास अधिकारी संजय कुमार सिंह आदि उपस्थित रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें