निजामाबाद/मुबारकपुर। प्रदेश सरकार द्वारा सोमवार को आम बजट पेश किया गया। इस बजट में ओडीओपी योजना के लिए 250 करोड़ रुपये की घोषणा की गई है। इस घोषणा के बाद जहां निजामाबाद के हस्त शिल्प कलाकारों में निराशा है वहीं मुबारकपुर के बुनकर व कारोबारियों में हर्ष व्याप्त है।
प्रदेश सरकार के वित्तमंत्री सुरेश खन्ना ने सोमवार को प्रदेश का आम बजट पेश किया। इस बजट से लोगों की बहुत आशाएं जुड़ी हुई थी। इसमें कई लोगों की आशाओं पर यह बजट खरा उतरा तो उन्होंने प्रदेश सरकार को धन्यवाद दिया। वहीं बहुत से लोगों की आशाओं पर यह बजट खरा नहीं उतर सका। जिसके कारण उन लोगों में निराशा व्याप्त हो गई। प्रदेश सरकार ने एक जिला-एक उत्पाद योजना के लिए 250 करोड़ रुपये की घोषणा की है। साथ ही उत्तर प्रदेश स्टेट स्पिनिंग कंपनी की बंद पड़ी कताई मिलों की परिसंपत्तियों को पुनर्जीवित कर पीपीपी मोड में औद्योगिक पार्क, आस्थान, क्लस्टर स्थापित कराए जाने का निर्णय लिया है। इसके लिए बजट में सरकार की ओर से 100 करोड़ रुपये की व्यवस्था की गई है। वहीं मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के लिए 100 करोड़ रुपये की व्यवस्था की गई है।
शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों के पारंपरिक कारीगरों के लिए विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के लिए 30 करोड़ रुपये बजट की व्यवस्था हुई है। लेकिन इन सबके बीच निजामाबाद के हस्त शिल्प कलाकार इस बजट से निराश हैं। वहीं मुबारकपुर के साड़ी कारोबारियों में हर्ष व्याप्त है।