इस बीच सीओ सगड़ी अपर मुख्य सचिव को लेकर वहां पहुंचे। रास्ता ब्लाक होने के चलते सचिव की गाड़ी अंदर नहीं जा सकी। इस पर सीओ ने रास्ता जाम की हुईं गाड़ियों का चालान काटने को कह दिया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने बताया कि गाड़ी जिलाध्यक्ष व क्षेत्रीय मंत्री की है। इस पर सीओ ने कहा कि किसी की भी गाड़ी हो, रास्ता जाम है तो चालान काटेगा ही।
इसी बात को लेकर भाजपा नेताओं व सीओ के बीच बहस हो गई। भाजपा नेता सहजानंद राय ने बहस के बाद मंत्री से शिकायत की। इसके साथ ही एसपी को भी फोन कर घटना से अवगत कराया। आधे घंटे तक चले विवाद के बाद मामला शांत हुआ।
मामले में भाजपा जिलाध्यक्ष लालगंज ऋषिकांत राय ने कहा कि सीओ सगड़ी हर जगह विवाद पैदा करने का काम कर रहे है। मंत्री के स्वागत के लिए भाजपा के लोग जुटे थे। ऐसे में भाजपा कार्यकर्ताओं की गाड़ी का चालान काटने की बात कहना कहीं से भी उचित नहीं है। हम इसकी शिकायत मंत्री के साथ ही मुख्यमंत्री तक से करेंगे।
वहीं सीओ सगड़ी राजेश कुमार ने कहा कि सर्किट हाउस पर भाजपा नेताओं ने मंत्री की गाड़ी के पीछे बेतरतीब वाहन खड़ा कर रास्ता ब्लाक कर दिया था। मैं प्रमुख सचिव व नोडल अधिकारी को लेकर वहां पहुंचा तो रास्ता जाम था। इसके चलते प्रमुख सचिव को अपनी गाड़ी छोड़ कर काफी दूर पैदल ही सर्किट हाउस आना पड़ा। ऐसे में मैने रास्ता जाम करने वाली गाड़ियों का चालान काटने को कह कर कोई गलत बात नहीं की।