भाजपा के जिला मंत्री महेंद्र मौर्य ने जिला चिकित्सालय में कथित फर्जी मेडिकल रिपोर्ट बनाए जाने के खिलाफ मंगलवार को डॉ. अंबेडकर पार्क में सांकेतिक धरना दिया। चिकित्सा व्यवस्था में भ्रष्टाचार और सांठ-गांठ का आरोप लगाते हुए कहा कि ऐसी गतिविधियां सरकार की छवि को धूमिल कर रही हैं। धरने की जानकारी सोशल मीडिया के माध्यम से फैलने के बाद कई लोग मौके पर पहुंचे और उनकी समस्या को सुना।
हालांकि, कोई प्रशासनिक अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। भाजपा नेता ने बताया कि 10 जून को की गई शिकायत के बाद 23 जून को आनन-फानन में तीन चिकित्सकों का एक मेडिकल बोर्ड गठित किया गया। जिन्हें 27 जून तक अपनी रिपोर्ट सौंपनी है। उन्होंने बताया कि जिला चिकित्सालय में मेडिकल के नाम पर धन ऐंठा जा रहा है, सांठ-गांठ के दम पर फर्जी मेडिकल रिपोर्ट बनवाकर शातिर लोग अपना-अपना हित साध कर निर्दोषों को जिंदगी बर्बाद करने में लगे हुए है।