कप्तानगंज। स्थानीय कस्बा के रहने वाले भाजपा नेता व व्यापारी ने बुधवार की रात घर के पिछले हिस्से में स्थित हाल में पंखे से पर्दे के सहारे फांसी लगा कर आत्महत्या कर ली। सुबह दस बजे तक जब वह सोकर नहीं उठे तो पुत्र उन्हें जगाने गया। हाल में पहुंचते ही वह अवाक रह गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कस्बा निवासी 45 वर्षीय राजेश गुप्ता पुत्र स्व. बैजनाथ भाजपा जिला कार्यकारिणी सदस्य थे। कप्तानगंज कस्बा में ही उनका घर है और घर के अगले हिस्से में वे रेडीमेड कपड़ा व जनरल स्टोर की दुकान खोल रखे हैं। रोज की भांति बुधवार को भी वह मकान के ऊपरी तल में सो रहे थे। रात में गर्मी ज्यादा होने पर वे ऊपर से नीचे घर के पिछले हिस्से में स्थित हाल में सोने चले गए। बृहस्पतिवार की सुबह देर तक जब वे सो कर नहीं उठे तो 10 बजे के लगभग पुत्र उन्हें जगाने के लिए हाल में गया। हाल का दरवाजा खोलते ही पिता को पंखे से पर्दे के सहारे लटकता देख उसकी चीख निकल गई। चीख सुन कर पूरा परिवार मौके पर जुट गया। सूचना मिलने पर कप्तानगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से नीचे उतारा। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। मृतक दो पुत्र व एक पुत्री के पिता थे। घटना के कारणों के बाबत कोई भी कुछ नहीं बता नहीं पा रहा है। वहीं घटना से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।