बिल जमा करने सिधारी हाइडिल पहुंचे उपभोक्ताओं ने मंगलवार को अधिकारियों के न मिलने पर अधिशासी अभियंता कार्यालय में ताला जड़ दिया। उपभोक्ताओं ने इस दौरान विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
बिजली बिल जमा करने पहुंचे उपभोक्ता प्रमोद कुमार और अंजनी राय ने बताया कि वर्तमान में सरचार्ज में शत-प्रतिशत की छूट मिल रही है। उन लोगों ने छूट के लिए रजिस्ट्रेशन भी करा रखा है। बकाए की बिल बनवाने के लिए वह कई दिनों से विभाग का चक्कर काट रहे हैं लेकिन कोई भी अधिकारी या कर्मचारी नहीं मिलता है, जिससे वह बकाए का बिल बनवाकर जमा कर सकें।
फोन करने के बाद क्षेत्रीय जेई फोन भी नहीं उठाता है। इसकी वजह से उनकी समस्या और बढ़ गई है क्योंकि बिल जमा करने के लिए दो दिन का समय ही शेष बचा है। जिसके कारण मजबूर होकर उन्हें यह कदम उठाना पड़ा।
इस दौरान उपभोक्ताओं ने अधिशासी अभियंता के कार्यालय में तालाबंदी कर विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। काफी देर तक जब कोई भी अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा तो उपभोक्ता मायूस होकर लौट गए।