दीदारगंज थाना क्षेत्र के बिछियापुर गांव के पास सोमवार की सुबह बच्चों को छोड़कर कार से घर लौट रहे एक युवक पर बाइक सवार बदमाशों ने फायरिंग कर दी। इस घटना में कार चालक बाल-बाल बच गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस जांच में जुट गई।
थाना क्षेत्र के लालपुर जोखू गांव निवासी अमित राय पुत्र अरविंद राय के बच्चे जौनपुर स्थित एक विद्यालय में पढ़ते हैं। सोमवार को सुबह लगभग सात बजे वह बच्चों को कार में लेकर बनगांव मोड़ पर गये। वहां बच्चों को बस में बैठा कर वापस घर लौट रहे थे। कार स्वयं अमित ही चला रहे थे। वह जैसे ही बिछियापुर नहर के पास पहुंचे कि दीदारगंज की तरफ से मोटरसाइकिल पर सवार होकर आ रहे दो बदमाशों ने उनके ऊपर फायरिंग कर दी। अमित बाल- बाल बच गए और गोली लगने से कार छतिग्रस्त हो गई। घटना के बाद अमित ने डायल 112 पर व थानाध्यक्ष दीदारगंज को सूचना दी। सूचना पाकर स्थानीय पुलिस और सीओ फूलपुर गोपाल स्वरुप बाजपेई मौके पर पहुंचेऔर जांच में जुट गए। पुलिस द्वारा फोरेंसिक टीम को भी जांच के लिए के लिए बुलाया गया जो सुबह 10 बजे थाने पहुंची और जांच में जुटी है। सीओ फूलपुर ने कहा कि हमलावर चाहे जो भी हो जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जायेगा।