अहरौला के राजारामनगर सड़क दुर्घटना में मृतक सुरेश राजभर के रोती विलखती परिजन।
- फोटो : AZAMGARH
अहरौला। स्थानीय थाना क्षेत्र के राजाराम नगर के पास शुक्रवार को दिन में एक बजे डंपर से टकरा कर बाइक सवार युवक की मौत हो गई। वहीं दो अन्य घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को तत्काल सीएचसी इलाज के लिए भेजा। वहीं मृतक के शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया। मृतक की अभी बीते 21 मई को ही शादी हुई थी। घटना से परिवार में कोहराम मच गया है। डंपर व खलासी को पुलिस ने पकड़ लिया है।
अतरौलिया थाना क्षेत्र के अजगरा गांव निवासी 22 वर्षीय सुरेश राजभर पुत्र वयठोला राजभर शुक्रवार को अपने दो साथियों के साथ बाइक से रिश्तेदारी में जा रहा था। अभी वह अहरौला-माहुल मार्ग पर राजाराम नगर के पास पहुंचा था कि आगे चल रही कार ने इमरजेंसी ब्रेक मारा। जिससे सुरेश ने भी अपने बाइक की ब्रेक लगा दिया और अनियंत्रित होकर बाइक दाहिने तरफ पलट गई। इसी दौरान सामने से आ रही डंपर ने सुरेश को रौंद दिया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उसके साथी 25 वर्षीय सुभाष पुत्र राम सुरेश व 23 वर्षीय दिनेश पुत्र खदेरू निवासी हमीरपुर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद डंपर चालक मौके पर ही वाहन छोड़ कर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को सीएचसी अहरौला भेजा और मृतक के शव को पीएम के लिए मर्चरी भेज दिया। वहीं पुलिस डंपर व खलासी को थाने ले गई। मृतक सुरेश की बीते 21 मई को ही शादी हुई थी। तीन दिन पूर्व ही पत्नी अंतिमा विदा होकर मायके गई थी। घटना की जानकारी घर पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया।