सगड़ी। स्थानीय तहसील क्षेत्र के अजमतगढ़ ब्लाक के सुखमदत्त नगर बीडीसी पद की प्रत्याशी की मतदान के बाद अचानक तबीयत खराब हो गई। परिजन उसे जीयनपुर कस्बा स्थित प्राइवेट अस्पताल ले गए, जहां से डॉक्टर ने हॉयर सेंटर रेफर कर दिया। जिला मुख्यालय लाते समय रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।
जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के सुखमदत्त नगर निवासी सुशील देवी (42) बीडीसी पद की प्रत्याशी थीं। सोमवार को उसने स्वयं मतदान किया और दिन भर घूम-घूम कर लोगों से मतदान करवाया। मतदान की समाप्ति के बाद बूथ से पोलिंग पार्टी के रवाना होने के बाद वह घर पहुंचीं और खाना खाने के बाद आराम करने चली गई। इसी दौरान अचानक उसे सीने में दर्द शुरू हो गया। परिजन आनन-फानन में उसे लेकर जीयनपुर कस्बा स्थित प्राइवेट अस्पताल पहुंचे। जहां डॉक्टर ने हालत गंभीर देखा और हॉयर सेंटर रेफर कर दिया। परिजन उसे लेकर जिला मुख्यालय स्थित प्राइवेट अस्पताल पहुंचे जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। बीडीसी प्रत्याशी के मौत की सूचना से परिजनों व ग्रामीणों में कोहराम मच गया। मृतका दो पुत्री व एक पुत्र की मां थी। सूचना पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।