सगड़ी। मानव संपदा पोर्टल पर अपलोड करने के लिए शिक्षकों का मूल प्रमाण पत्र बेसिक शिक्षा कार्यालय में जमा है। अपलोड करने की अंतिम तिथि 31 जुलाई है। वहीं जिला बेसिक शिक्षा कार्यालय में दो कोरोना पॉजीटिव पाए जाने के बाद कार्यालय को बंद कर दिया गया। ऐसे में शिक्षकों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
अजमतगढ़, हरैया, बिलरियागंज व महाराजगंज ब्लॉक के सैकड़ों शिक्षकों का मूल प्रमाण पत्र बेसिक कार्यालय में जमा है। शिक्षक सोनू यादव, रामाश्रय सिंह, प्रदीप व नीरज आदि ने बताया कि हम लोगों की जब नियुक्ति हुई तो सत्यापन के लिए मूल प्रमाण पत्रों को जमा करा लिया गया था। अब मानव संपदा पोर्टल पर मूल प्रमाण पत्रों को अपलोड कराना है। जिसकी अंतिम तिथि 31 जुलाई है लेकिन मूल प्रमाण पत्र बेसिक कार्यालय में जमा है। मूल प्रमाण पत्र वापस लेने के लिए प्रार्थना पत्र बेसिक कार्यालय दिया गया था। तीन दिन बाद हम लोगों को बुलाया गया था लेकिन कार्यालय सील होने से मुश्किलें बढ़ गई हैं।