बूढ़नपुर। कप्तानगंज थाने के पासीपुर गांव के पास मंगलवार की शाम दो बाइक पर सवार चार बदमाशों ने बैंकमित्र की हत्या कर 1.36 लाख रुपये लूट लिए। बैंकमित्र की बाइक घटनास्थल से करीब चार किलोमीटर दूर से क्षतिग्रस्त हाल में बरामद हुई। घटना के समय बैंकमित्र बूढ़नपुर बाजार स्थित इलाहाबाद बैंक से रुपये निकालकर अपने ग्राहक सेवा केंद्र पर जा रहा था। एसपी के अनुसार प्रथम दृष्टया आपसी रंजिश का मामला लग रहा है। बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगाई गई हैं। जगह-जगह नाकेबंदी कर तलाशी ली जा रही है।
कप्तानगंज थाने के भवानी पट्टी गांव का निवासी रमेश यादव (38) पुत्र झिनकू मोलनापुर बाजार में बैंकमित्र था। यहीं पर ग्राहक सेवा केंद्र चलाता था। रमेश का छोटा भाई दिनेश भी बूढ़नपुर बाजार में ग्राहक सेवा केंद्र चलाता है। रमेश यादव के यहां ग्राहकों की भीड़ रहती थी। वह रोजाना इलाहाबाद बैंक बूढ़नपुर की शाखा से रुपये का लेनदेन करता था। मंगलवार को रमेश यादव बैंक पहुंचा और खाते से 1.36 लाख रुपये निकाले। रुपये अपनी स्कूटी की डिग्गी में रखकर ग्राहक सेवा केंद्र के लिए चला। कप्तानगंज के पासीपुर गांव के पास पीछे से दो बाइक पर सवार चार बदमाश आए और रमेश को रुकने का इशारा किया। बाइक न रोकने पर गोली मार दी। रमेश के सिर और सीने में गोली लगने से वह घायल होकर गिर गया। बदमाश उसकी स्कूटी लेकर फरार हो गए और चार किमी दूर स्कूटी की डिग्गी तोड़ रुपये लेकर फरार हो गए। उधर पुलिस रमेश यादव को जिला अस्पताल में भर्ती कराने के लिए ले जा रही थी कि रास्ते में उसकी मौत हो गई। बता दें कि इससे पूर्व भी मार्च में रमेश यादव से 1.10 लाख रुपये की लूट हो चुकी है। रमेश यादव दो बच्चों का पिता था। उसके पिता घर पर रहकर खेतीबारी करते हैं। रमेश की हत्या के बाद क्षेत्र में भय और दहशत का माहौल है।