आजमगढ़। कोरोना का संक्रमण लगातार तेजी से बढ़ रहा है। इसे लेकर रेलवे ने कई बड़े कदम उठाए हैं। पूूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल प्रशासन द्वारा मंडल के सभी प्रमुख स्टेशनों की सीमाएं सील कर दी गई है। स्टेशन के एकल प्रवेश द्वार से कन्फर्म टिकट वाले यात्रियों को ही प्रवेश दिया जा रहा है। इसके साथ ही रेलवे स्टेशन पर आने वाले लोगों की संख्या को नियंत्रित करने के उद्देश्य से प्लेटफार्म टिकट की बिक्री पर अगले आदेश तक के लिए रोक लगा दिया गया है।
जनसंपर्क अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि कोरोना के संक्रमण को देखते हुए रेलवे ने कई फैसले लिए हैं। उन्होंने बताया कि स्टेशनों में प्रवेश करने और बाहर निकलने वाले प्रत्येक यात्री को थर्मल स्कैनिंग की जा रही है। जिला प्रशासन के सहयोग से स्टेशनों पर बाहरी राज्यों से आने वाले यात्रियों की कोरोनॉ जांच की जा रही है तथा संदिग्ध यात्रियों की आरटीपीसीआर जांच भी कराई जा रही है। इसके अतिरिक्त स्टेशनों पर रेल यात्रियों के लिए स्टेशन परिसर में यात्रियों की जागरूकता हेतु कोरोना वायरस के संक्रमण की रोकथाम एवं टीकाकरण हेतु जगह-जगह जागरूकता संबंधी संदेश पोस्टरों के माध्यम से प्रदर्शित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि यात्रीगण आवश्यकता पड़ने पर भारतीय रेल के हेल्प लाइन नंबर-139 संपर्क कर सकते हैं।