दुष्कर्म के आरोपी से हिंदू संगठनों का कोई वास्ता नहीं : विहिप
शहर कोतवाली क्षेत्र में युवती के साथ शादी का झांसा देकर तीन वर्षों तक शारीरिक शोषण, अश्लील फोटो-वीडियो वायरल करने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में नया मोड़ सामने आया है। मामले में नामजद आरोपी से हिंदू संगठनों ने स्वयं को अलग बताया है। विश्व हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष अमित कुमार गुप्ता ने बताया कि बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद से आरोपी का दूर-दूर तक कोई वास्ता नहीं है।
बताया कि आरोपी आदित्य सेठ संगठन का कार्यकर्ता नहीं है। आरोपी द्वारा सोशल मीडिया पर अपने प्रोफाइल में बजरंग दल से जुड़ा उल्लेख किया गया है, लेकिन इससे संगठन का कोई संबंध नहीं बनता। उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति द्वारा संगठन का नाम प्रयोग करना उसकी आधिकारिक सदस्यता की पुष्टि नहीं करता, इसलिए इस मामले में संगठन को अनावश्यक रूप से जोड़ना गलत है।
इधर, पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक को दिए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया है कि दलसिंगार मोहल्ला निवासी आदित्य सोनी ने शादी का झांसा देकर करीब तीन वर्षों तक उसके साथ संबंध बनाए। बाद में शादी से इनकार करने पर आरोपी ने मारपीट की और अश्लील फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी दी। पीड़िता की शिकायत पर कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।