आजमगढ़। एसएलओ दफ्तर में विगत दिनों अमीन को एंटी करप्शन टीम ने गिरफ्तार किया। टीम ने अमीन के साथ ही दफ्तर के वरिष्ठ सहायक (बाबू) को भी इसमें लिप्त पाते हुए उसके खिलाफ भी मुकदमा दर्ज करा दिया। इसके बाद से बाबू मेडिकल लगाकर फरार चल रहा है। वहीं डीएम की ओर से बाबू आनंद मिश्रा को मेडिकल टीम के समक्ष प्रस्तुत होकर अपना मेडिकल कराने का निर्देश जारी किया गया है।
बताते चलें कि 31 जुलाई को श्रीनगर सियरहा गांव निवासी के एक व्यक्ति की शिकायत पर एंटी करप्शन टीम ने एसएलओ दफ्तर में तैनात अमीन सौरभ गौड़ को 22 हजार रुपये घूस लेते गिरफ्तार किया। टीम द्वारा की गई पूछताछ में कार्यालय के वरिष्ठ सहायक (बाबू) आनंद मिश्रा का नाम भी सामने आया। इस मामले में एंटी करप्शन टीम ने आनंद मिश्रा को भी अभियुक्त बनाया।
इस घटना के बाद से आनंद मिश्रा मेडिकल लगाकर कार्यालय नहीं आ रहा है। इस कारण कार्यालय में कई काम नहीं हो पा रहे हैं। क्योंकि कई फाइलें उनकी आलमारी में बंद हैं। वहीं वरिष्ठ सहायक की संलिप्तता और उनके मेडिकल लगाकर गायब होने को लेकर डीएम ने गंभीरता से लेते हुए उन्हें पत्र जारी किया है। डीएम ने उन्हें मेडिकल टीम के समक्ष उपस्थित होकर मेडिकल कराकर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
वरिष्ठ सहायक (बाबू) अभी मेडिकल पर चल रहे हैं। वह फरार हैं कि बीमार हैं इस संबंध में हमें कोई जानकारी नहीं है। डीएम की ओर से उन्हें मेडिकल कराकर रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है। -विनय कुमार गुप्ता, सीआरओ।