डाकघर पोस्ट मास्टर लूटकांड में गिरफ्तार व घायल बदमाश सलीम ने पुलिस की पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा किया। आरोपी ने बताया कि वह अपने साथियों अंश मौर्या और ऋषभ कश्यप के साथ मिलकर असलहे के बल पर छोटी-मोटी चोरी और लूट की वारदात करता रहा है। उसने बताया कि करीब एक हफ्ते पहले फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के मुड़ियार गांव निवासी उसका दोस्त अरफात मिला और बताया कि उसके गांव के डाकघर का मुंशी रोजाना कैश लेकर साइकिल से आता-जाता है। उसने कहा कि यदि उसके साथ लूट की जाए तो एक से दो लाख रुपये तक मिल सकते हैं। अरफात ने खुद उन्हें रास्ता दिखाकर रेकी कराई थी।
सलीम ने बताया कि 18 अगस्त को जब डाकघर का मुंशी कैश लेकर मुड़ियार से गुजर रहा था, तो वे लोग आम के बाग के पास पहुंचे और उसका बैग छीनकर भाग निकले। बैग में करीब आठ हजार रुपये नकद, एक मोबाइल, एक कीपैड मोबाइल, अंगूठा स्कैनिंग डिवाइस और डाकघर से जुड़े कुछ कागजात मिले थे।
जिम में आने वाले युवकों से मांगता था बाइक
एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि बरामद अपाचे मोटरसाइकिल के बारे में पूछने पर सलीम ने बताया कि वह जिम में आने वाले युवकों से किसी न किसी बहाने बाइक मांग लेता है और उसी से वारदात करता है। यह मोटरसाइकिल भी फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के इटकोहिया गांव निवासी दीपक कुमार की है, जिसे उसने गर्लफ्रेंड से मिलने जाने के बहाने मांगा था।