जांच में सामने आया है कि आरोपी अपने भाई के साथ मिलकर बाजारों और कस्बों में अधेड़ महिलाओं को निशाना बनाता था। दोनों पहले महिलाओं को परिवार पर संकट या भूत-प्रेत का साया होने का डर दिखाते थे। फिर शुद्धिकरण और तंत्र-मंत्र की प्रक्रिया के नाम पर जेवरात, नकदी और अन्य सामान लेकर उन्हें पीछे मुड़कर न देखने तथा कुछ दूरी तक चलने के लिए कहते थे और मौके से फरार हो जाते थे।
9 मई को सरायमीर क्षेत्र की रहने वाली चंदा देवी से भी इसी तरह कान की झालियां, गले का लॉकेट, मोबाइल फोन और करीब एक लाख रुपये ठग लिए गए थे। इस मामले में थाना सरायमीर में मुकदमा दर्ज कर विवेचना की जा रही थी। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ थाना सरायमीर में बीएनएस की विभिन्न धाराओं के साथ ही आर्म्स एक्ट के तहत नई प्राथमिकी दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
ऐसे बनाते थे महिलाओं को शिकार
गिरोह के सदस्य बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में अकेली या अधेड़ उम्र की महिलाओं की तलाश करते थे। उन्हें परिवार पर संकट, बीमारी या भूत-प्रेत का साया होने का भय दिखाकर विश्वास में लेते थे। इसके बाद शुद्धिकरण या तंत्र-मंत्र की प्रक्रिया का झांसा देकर जेवर, नकदी और मोबाइल अपने कब्जे में लेकर फरार हो जाते थे। सरायमीर की घटना में महिला से करीब एक लाख रुपये और जेवरात ठगे गए थे।
कई जिलों में दर्ज हैं मुकदमे
गिरफ्तार आरोपी इम्तियाज खान के खिलाफ आजमगढ़ के अलावा बरेली, बुलंदशहर और मुजफ्फरनगर में भी विभिन्न आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। उसके विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट, धोखाधड़ी, चोरी, ठगी, आपराधिक विश्वासघात तथा बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है। पुलिस फरार साथी की तलाश में दबिश दे रही है।