Azamgarh News: न्यायालय के आदेश पर जहानागंज थाने में जब्त की गई 250 लीटर अवैध शराब का विनष्टीकरण कराया गया। 20 मुकदमों में बरामद करीब चार लाख रुपये की शराब को नष्ट किया गया है।
आजमगढ़ जिले में पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देश पर चलाए जा रहे माल निस्तारण अभियान के तहत थाना जहानागंज पुलिस ने आबकारी अधिनियम के तहत जब्त अवैध शराब का विनष्टीकरण कराया। न्यायालय के आदेश के बाद शुक्रवार को थाना परिसर में नियमानुसार कार्रवाई करते हुए 20 मामलों में बरामद लगभग 250.56 लीटर अवैध शराब को नष्ट किया गया।
विज्ञापन
क्षेत्राधिकारी सदर आस्था जायसवाल ने बताया कि नष्ट की गई अवैध शराब की अनुमानित कीमत करीब चार लाख रुपये बताई गई है। कार्रवाई मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, आजमगढ़ के आदेश के अनुपालन में की गई।
उन्होंने बताया कि विनष्टीकरण की प्रक्रिया नायब तहसीलदार जहानागंज प्रवीण वर्मा एवं थानाध्यक्ष अतुल कुमार मिश्रा की मौजूदगी में पूरी कराई गई। इस दौरान जब्त शराब को नाली में गिराकर नष्ट किया गया और पूरी कार्रवाई का विधिवत अभिलेखीकरण भी किया गया।