एसपी अनुराग आर्य ने बताया कि राम नगीना व मंशा देवी की हत्या उनकी खुद की बहू ज्योति कौशल ने प्रेमी और उसके साथियों के जरिए कराई थी। इसके पीछे बहुत बड़ी साजिश रची गई थी। योजना तो यह बनी थी कि सुसर की हत्या के बाद नौकरी ज्योति का पति पा जाएगा। इसके बाद उसकी हत्या कर दी जाएगी और नौकरी ज्योति पा जाएगी। फिर वह प्रेमी के साथ चली जाएगी।
इस पूरी कवायद में 10 से 12 लाख के जेवरात हाथ लगाते, जिसे हत्या करने व सहयोग करने वालों में बांट दिए जाने की योजना थी। एसपी ने बताया कि गिरफ्तार में आए लोगों में अखिलेश यादव पुत्र राजेंद्र यादव, सिंटू यादव पुत्र सरभू यादव निवासी गेलवारा थाना सिधारी, जितेंद्र कुमार मलिक उर्फ जे के मलिक पुत्र सुरेश राम निवासी हमीरपुर सैदवारा थाना रानी की सराय, गोलू उर्फ सर्वेश यादव पुत्र मंगरू यादव निवासी तमोली थाना रानी की सराय जनपद, धर्मेंद्र यादव पुत्र रामसकल यादव निवासी रूपाली कालोनी थाना कंधरापुर, रमाकांत यादव पुत्र मुंशी यादव निवासी कोठिया थाना रानी की सराय, ज्योति पत्नी कौशल निवासी पित्थौरपुर थाना तरवां शामिल है।
बहू ज्योति का प्रेमी पंकज यादव पुत्र रमाकांत यादव निवासी कोठिया थाना रानी की सराय व एक सहयोगी बबलू यादव पुत्र रामसकल निवासी रूपाली कालोनी थाना कंधरापुर अभी फरार चल रहे है।
प्रेमी पर घोषित हुआ 25 हजार का इनाम
एसपी अनुराग आर्य ने बताया कि लेखपाल हत्याकांड की पूरी साजिश प्रेमी पंकज यादव द्वारा रची गई थी और हत्याकांड में भी वह शामिल रहा है। अभी वह पुलिस की गिरफ्त में नहीं आ सका है। उसकी तलाश में पुलिस की टीम लगा दी गई है। इसके साथ ही उस पर 25 हजार का इनाम भी घोषित किया गया है।
आलाकत्ल समेत बाइक-मोबाइल बरामद
पुलिस ने सात अभियुक्तों की गिरफ्तारी के साथ ही घटना में प्रयुक्त धारदार हथियारों के साथ ही एक बाइक व तीन मोबाइल भी बरामद कर लिया है। एक अन्य हथियार पंकज अपने साथ ले गया है। मुखबिर व सर्विलांस की मदद से पुलिस ने दोहरे हत्याकांड के खुलासे में सफलता पाई है।
पुलिस टीम को भी 15 हजार का ईनाम
लेखपाल दंपत्ति हत्याकांड का खुलासा करने में पुलिस को भले ही एक सप्ताह से अधिक का समय लग गया लेकिन जो खुलासा हुआ है, उससे यह बात सामने आई है कि पुलिस ने न सिर्फ हत्याकांड का खुलासा किया है बल्कि एक और हत्या होने के पूर्व ही आरोपियों को गिरफ्तार भी कर लिया है। इस पूरे खुलासे में अहम भूमिका निभाने वाली पुलिस टीम को एसपी ने 15 हजार का इनाम देने की घोषणा किया है।