माध्यमिक विद्यालयों में शिक्षकों की ऑनलाइन उपस्थिति 10 प्रतिशत से कम मिलने पर माध्यमिक शिक्षा सचिव भगवती सिंह ने आजमगढ़ समेत प्रदेश के 33 जिला विद्यालय निरीक्षकों को नोटिस जारी किया है।
आजमगढ़ में ऑनलाइन उपस्थिति करीब सात प्रतिशत मिली है। सचिव ने एक सप्ताह में सुधार के निर्देश देते हुए अपेक्षित प्रगति न होने पर अग्रिम कार्रवाई की चेतावनी दी है।
माध्यमिक शिक्षा विभाग की समीक्षा में प्रदेश के 33 जिलों की स्थिति खराब मिली। आजमगढ़ में कम ऑनलाइन उपस्थिति को लेकर जिला विद्यालय निरीक्षक अजय कुमार को जवाबदेही तय करते हुए सुधार सुनिश्चित कराने को कहा गया है।
डीआईओएस अजय कुमार ने बताया कि ऑनलाइन उपस्थिति को लेकर शिक्षकों को पहले ही निर्देशित किया जा चुका है। कुछ विद्यालयों में तकनीकी दिक्कत और लापरवाही के कारण अपेक्षित उपस्थिति दर्ज नहीं हो सकी।
सभी विद्यालयों को व्यवस्था का पालन कराने के निर्देश दिए गए हैं। एक सप्ताह में सुधार नहीं होने पर ऑनलाइन हाजिरी नहीं लगाने वाले शिक्षकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।