महाराजगंज थाना क्षेत्र के आराजी शंकरपुर गांव निवासी की डूबकर मौत के बाद रोते परिजन।
- फोटो : AZAMGARH
आजमगढ़। जिले के दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में नदी में डूबने से पूर्व बीडीसी सदस्य समेत दो की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों के शव कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया। वहीं घटना से दोनों परिजनों में कोहराम मच गया।
कटानी बाजार संवाददाता के अनुसार पूर्व बीडीसी सदस्य 50 वर्षीय लालचंद यादव मंगलवार की सुबह शौच के लिए गए हुए थे। बरसात के चलते उफनाई घाघरा नदी की बाढ़ में शौच के दौरान वे फिसल कर पानी में चले गए और डूब कर उनकी मौत हो गई। घटना के समय कुछ लोगों की नजर उन पर पड़ गई थी लेकिन जब तक वे मौके पर पहुंच कर उन्हें बचाते तब तक वे डूब चुके थे। स्थानीय लोगों ने अथक प्रयास कर लालचंद का शव बाढ़ के पानी से बाहर निकाला। मृतक दो बेटियों का पिता था। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया।
वहीं लाटघाट संवाददाता के अनुसार चांदपट्टी बाजार स्थित छोटी सरयू नदी पुल के पास चांदपट्टी गांव निवासी 17 वर्षीय सूरज गोंड पुत्र राजकुमार गोंड साथियों के साथ नहाने गया था। वह अपने साथ मछली रखने का कैरेट ले गया था जिसके सहारे व नदी में तैर रहा था। इसी दौरान कैरेट अचानक टूट गया जिससे वह नदी में डूबने लगा। आसपास मौजूद लोग तत्काल नदी में कूद पड़े और उसे किसी तरह निकाल कर बाहर लाए। तत्काल उसे सीएचसी बिलरियागंज ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक दो भाइयों में बड़ा था। उसकी दो बहनें हैं। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया है।