आजमगढ़ के निजामाबाद पुलिस द्वारा मंगलवार की भोर में मुठभेड़ में लूट और छिनैती की घटनाओं में शामिल एक आरोपी को घायल कर गिरफ्तार करने में कामयाबी मिली। गिरफ्तार बदमाश के पास से पुलिस ने एक असलहा और कारतूस बरामद किया है।
मुखबीर से सूचना मिलने के बाद उप निरीक्षक नवल किशोर सिंह ने अपनी टीम के साथ लूट की घटना में शामिल अपराधी को गिरफ्तार करने के लिए थाना क्षेत्र के ग्राम गंधवी कोल्ड स्टोर के पास घेराबंदी की। इस दौरान पुलिस द्वारा उक्त बदमाश को समर्पण करने की चेतावनी दी गई। पुलिस से खुद को घिरा हुआ देख बदमाश ने पुलिस टीम पर फायर झोंक दिया। पुलिस द्वारा की गई जवाबी फायरिंग में उसके पैर में गोली लगी। घायल बदमाश को गिरफ्तार कर पुलिस ने उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। पूछताछ में बदमाश की पहचान गणेश पुत्र वीर बहादुर के रूप में की गई। पूछताछ के दौरान बदमाश ने तीस सितंबर की शाम अपने चार साथियों के साथ निजामाबाद थाना क्षेत्र के चकिया ग्राम निवासी अबुजार पुत्र अब्दुल मजीद से तीस रुपये लूटने की बात स्वीकार की।