आजमगढ़। कांग्रेस पार्टी द्वारा पलिया घटना के विरोध में बुधवार से कलेक्ट्रेट क्षेत्र स्थित रिक्शा स्टैंड पर दिया जा रहा क्रमिक उपवास बृहस्पतिवार को भी जारी रहा। इस दौरान उपवास कार्यक्रम में बृहस्पतिवार को पार्टी राष्ट्रीय सचिव प्रदीप नरेवाल पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में जनपद दलित हिंसा का केंद्र बना हुआ है। एक साल पहले प्रधान सत्यमेव जयते की हत्या हुई। कांग्रेस पार्टी संघर्ष के लिए सबसे पहले आई। पलिया गांव की घटना में भी दलितों को न्याय दिलाने के लिए कांग्रेस सबसे पहले आगे आई।
उन्होंने बताया कि मैं पलिया गांव का दौरा करने गया था। स्थानीय थाने की पुलिस का आरोप है कि ग्रामीणों ने खुद ही तोड़-फोड़ किया। जब कि हकीकत यह है कि पुलिस ने सुनियोजित तरीके से तोड़-फोड़ किया, महिलाओं और बच्चों को पीटा। महिलाओं का आरोप है कि पुलिस ने दुर्व्यवहार किए जाने के साथ ही गहनों की लूटपाट की। नरेवाल ने कहा आज उस गांव के लोग भूखे है। वह जब तक भूखे रहेंगे हम भी उपवास करेंगे। कांग्रेस किसी एक जाति धर्म की पार्टी नहीं है। वह सभी जाति धर्म के लोगों का दुखदर्द समझती है और संघर्ष के लिए सबसे आगे रहती है। उन्होंने घटना की न्यायिक जांच कराकर घटना में लिप्त लोगों के खिलाफ आपराधिक धाराओं में मुकदमा दर्ज किए जाने की मांग किया। उन्होंने बताया कि 12 जुलाई को पलिया में दलित महापंचायत का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश उपाध्यक्ष विश्वविजय सिंह, संगठन सचिव अनिल यादव, प्रदेश सचिव संतोष कटाई, जिलाध्यक्ष प्रवीण कुमार सिंह, पूर्व अध्यक्ष हवलदार सिंह सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।