आजमगढ़। नागरिकता संशोधन कानून के विरोध की आग भले ही ठंडी पड़ी है, लेकिन प्रशासन इसमें कोई चुक बर्दाश्त करने के मूड में नहीं है। ना ही किसी भी मामले को हल्के में ले रही है। इन बातों को ध्यान में रखते हुए जहां कड़ी सुरक्षा के बीच शुक्रवार को होने वाली जुमे की नमाज को निपटाने की रणनीति तैयार कर रही। वहीं शांति व्यवस्था कायम रखने के लिए गुरुवार को सभी आलाधिकारी क्षेत्र में भ्रमण कर हालात का जायजा लिए। साथ ही थानों पर क्षेत्र के संभ्रांत लोगों के साथ शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। पुलिसवालों ने सभी लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। नागरिकता संशोधन कानून के विरोध की चिंगारी 14 दिसंबर को जिले के शिबली कालेज में भड़की, हालांकि यहां के छात्र सहित अन्य संगठनों के लोग 16 दिसंबर को शिबली कालेज से लेकर पहाड़पुर तिराहा और रशादनगर तक उग्र प्रदर्शन किया। पुलिस बड़ी मुश्किल से हालात पर काबू पाई। 17 दिसंबर को मुबारकपुर कस्बे में विरोध प्रदर्शन के दौरान उपद्रवियों ने पुलिस पर पथराव करते हुए माहौल खराब करने का भरपूर प्रयास किया। हालांकि पुलिस सभी के मंसूबों को नाकाम कर दी। साथ ही उपद्रव करने वाले 11 लोगों को गिरफ्तार कर चालान कर दी। इसमें कई छात्र नेता भी शामिल हैं। मुबारकपुर की घटना के बाद प्रशासन के समक्ष कानून व्यवस्था की चिंता उत्पन्न हो गई। इसके बाद कमान स्वयं डीएम नागेंद्र प्रसाद सिंह और एसपी त्रिवेणी सिंह ने संभालते हुए जगह-जगह मुस्लिम समुदाय से जुड़े लोगों के साथ बैठक कर उन्हें समझाने लगे। पूरा प्रशासनिक अमला इस काम में जुट गया। जिसका परिणाम रहा कि कहीं कोई अप्रिय घटना नहीं हुई। तभी से माहौल शांत है। लेकिन कुछ शरारतीतत्व अंदर ही अंदर इस मुद्दे पर लोगों को बहकाने के प्रयास में जुटे हुए हैं। इन सभी बातों को ध्यान में रखते हुए शुक्रवार को जुमे की नमाज सकुशल संपन्न कराना चुनौती बन गया है। ऐसे में गुरुवार को एसपी, एसपीसिटी, एसपी ग्रामीण समेत अन्य अधिकारी अलग-अलग टीम बनाकर जिले के संवेदनशील स्थलों का भ्रमण करते हुए हालात का जायजा लिया। साथ ही थानों पर क्षेत्र के संभ्रांत नागरिकों के साथ शांति समिति की बैठक आयोजित कर लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की गई।
शांति बनाए रखने के लिए गुरुवार को सभी थानों पर शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। जुमे की नमाज के लिए सभी स्थलों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस फोर्स और पीएसी के जवानों की तैनाती की जाएगी। सभी की ड्यूटियां लगा दी गई हैं। - त्रिवेणी सिंह, एसपी