आजमगढ़। नगर के ब्रह्मस्थान क्षेत्र स्थित सुखदेव पहलवान स्पोर्ट्स स्टेडियम में काफी दिनों से कबड्डी कोर्ट की जरूरत महसूस की जा रही थी। जो अब उप निदेशक खेल और क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी मुद्रिका पाठक के प्रयास से पूरी हो गई है। जल्द ही जनपद के कबड्डी खिलाड़ी सिंथेटिक कोर्ट पर प्रेक्टिस करते नजर आएंगे। जनपद में हजारों कबड्डी खिलाड़ी हैं जो राष्ट्रीय स्तर पर जनपद का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। वहीं बहुत से खिलाड़ी ऐसे हैं जो राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने में जुटे हैं। प्रो कबड्डी लीग शुरू होने के बाद इस खेल के प्रति लोगों का रुझान भी बढ़ा है। जनपद के एकमात्र स्टेडियम सुखदेव पहलवान स्पोर्ट्स स्टेडियम में कई युवा कबड्डी के गुर सीख रहे हैं। स्टेडियम में संविदा पद पर तैनात माया प्रसाद राय इन खिलाड़ियों को कबड्डी के गुर सिखाते हैं। स्टेडियम छोटा होने के कारण कबड्डी खिलाड़ियों को कभी स्थाई कोर्ट उपलब्ध नहीं हो सके। प्रेक्टिस के समय अन्य खेल जैसे हाकी, क्रिकेट, एथलेटिक्स आदि के खिलाड़ी भी प्रेक्टिस करते हैं। जिसके कारण अक्सर खिलाड़ियों के चोटिल होने का डर लगा रहता है। जिसे देखते हुए कोच द्वारा कबड्डी खेलने वाले खिलाड़ियों को स्टेडियम के पीछे बच्चों के रहने के लिए बनाए गए हास्टल के पास खाली पड़ी जमीन पर ट्रेनिंग दी जाती है। उनके द्वारा काफी दिनों से स्टेडियम में सिंथेटिक कोर्ट के लिए प्रयास भी किया जा रहा था लेकिन उनका यह प्रयास पूरा नहीं हो रहा था। लेकिन उप निदेशक खेल और क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी मुद्रिका पाठक के प्रयास से स्टेडियम को तीन लाख 18 हजार रुपये की लागत से सिंथेटिक कोर्ट मिल गया है।
कहीं भी कर सकते हैं प्रैक्टिस
आजमगढ़। वर्तमान में कबड्डी अब सिंथेटिक कोर्ट पर हो रही है। लेकिन अभी भी जनपद सहित कई जनपदों में जमीन पर ही कबड्डी खेली जाती है। जिसे देखते हुए कोच द्वारा सिंथेटिक कोर्ट के लिए प्रयास किया जा रहा है। इस कोर्ट के आने के बाद खिलाड़ी स्टेडियम में कहीं भी उसे बिछाकर अपनी प्रेक्टिस कर सकेंगे।
अब सिंथेटिक कोर्ट पर कबड्डी खेली जा रही है। जिसके कारण काफी दिनों से इसे लाने का प्रयास किया जा रहा था। लेकिन अब इसकी मंजूरी मिल गई है। इसके आने के बाद कबड्डी खिलाड़ियों को प्रेक्टिस के लिए स्टेडियम के बाहर नहीं जाना होगा।
मुद्रिका पाठक, उप निदेशक खेल और क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी।