बलरामपुर। कंधरापुर थाना क्षेत्र के सेहदा जंगल के पास गुरुवार की दोपहर अनियंत्रित ट्रक की टक्कर से कार के परखचे उड़ गए और वहीं कार सवार चार लोग घायल हो गए। घायलों का जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर देख एक व्यक्ति को वाराणसी के लिए रेफर कर दिया गया। घटना के समय कार में सवार सभी लोग गोरखपुर से लखनऊ जा रहे थे। घायल होने वालों में गिरीश दुबे (50) पुत्र रामइकबाल फैजाबाद जिले के माया बाजार थाने के सारंगपुर गांव, दिनेश चंद (36) पुत्र छोटेलाल फैजाबाद जिले के कैंट थाने के नियावा गांव, गौरव पांडेय (30) लखनऊ गोमती नगर और नैमीश पाल (26) पुत्र नेपाल हरदोई जिले के बेनीगंज थाने के गिरधारी का पूरा गांव के निवासी हैं। यह सभी लोग गुरुवार को गोरखपुर आए थे। वहां से काम निपटाने के बाद कार से लखनऊ जा रहे थे। कंधरापुर थाने के सेहदा जंगल के पास कार के पहुंचते ही सामने से आ रहे अनियंत्रित ट्रक से टक्कर हो गई। जोरदार टक्कर से कार क्षतिग्रस्त हो गई। जबकि यह सभी लोग घायल हो गए। सूचना मिलने पर तत्काल पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। डाक्टर ने गिरीश दुबे को वाराणसी रेफर कर दिया।
हादसे में दंपती सहित तीन घायल
बलरामपुर। जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के बड़ा गांव और अतरौलिया थाने के मदियापार गांव के पास बुधवार की शाम हुए दो सड़क हादसों में दंपती सहित तीन लोग घायल हो गए। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां इनका इलाज चल रहा। अतरौलिया थाने के किसनदेवपट्टी गांव निवासी सूरज (35) पुत्र रघूनाथ अपनी पत्नी प्रमिला देवी (30) को साइकल पर बैठकर बुधवार की शाम को कहीं जा रहा था। अतरौलिया थाने के मदियापार गांव के पास अनियंत्रित ट्रकों की टक्कर से पति-पत्नी घायल हो गए। इसी क्रम में जीयनपुर कोतवाली के धनछूला गांव निवासी सुजीत (36) पुत्र रामनाथ बुधवार को अपनी बाइक से कहीं जा रहा था। बड़ा गांव के पास कुत्ता बचाने के चक्कर में उसकी बाइक पलट जाने से वह घायल हो गया।