आजमगढ़ जनपद में कोरोना संक्रमण का कहर लगातार बढ़ता जा रहा है। शनिवार को भी जनपद में एक साथ 81 नये कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। शुक्रवार को 99 कोरोना संक्रमित पाए गए थे। शनिवार को मिले मरीजों में रैपिड एंटीजन टेस्ट (रैट) से 61, आरटी-पीसीआर से 15, ट्रू नेट मशीन के पांच केस सामने आए हैं।
शनिवार को भी 29 मरीज स्वस्थ घोषित किए गए हैं। अब तक 626 मरीजों स्वस्थ होने के बाद डिस्चार्ज भी किए गए हैं। जनपद में सक्रिय मरीजों की संख्या 969 पहुंच गई है। रिकवरी दर 39 फीसद के आसपास है। अब तक 29 मरीजों की मौत हुई हैं। जनपद में शनिवार को संक्रमित मिले मरीजों में नौ साल की बच्ची भी शामिल है।
सीएचसी मुबारकपुर में शनिवार को कुल 27 लोगों की जांच की गई। इसमें नौ कोरोना पाजिटिव मिले हैं। सभी संक्रमित मोहल्ला पुरानी बस्ती के ही निवासी बताए गए हैं। इसमें पांच महिलाएं शामिल हैं। बताया जा रहा है कि सभी पिछले दिनों पुलिस चौकी में भोजन बनाने वाली संक्रमित महिला के संपर्क में आने से ही संक्रमित हुए हैं। सभी को डेंटल कालेज इटौरा में आइसोलेट किया गया है।
रानी की सराय में 65 लोगों की जांच की गई जिसमें पांच पॉजिटिव मिले हैं। प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. सत्य प्रकाश गौतम ने बताया कि तीन लोग एक ही परिवार के हैं। इसमें एक तीन साल की बच्ची भी है। जहानागंज में सीएचसी कोल्हूखोर पर 10 लोगों और भुजही गांव के 20 लोगों की सैंपलिंग हुई। कस्बे के मिश्रा मार्केट का एक व्यक्ति संक्रमित पाया गया।
जब डाक्टर की टीम उनको लेने घर पहुंची तो पत्नी ने होम आइसोलेशन की बात कही। इससे आसपास के लोग परेशान हैं। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हरैया चिकित्सा प्रभारी डॉ. देवानन्द यादव ने बताया कि चक्की हाजीपुर गांव निवासी प्राइवेट चिकित्सक और मऊ भीम्बर निवासी कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। पल्हनी नई कालोनी में नौ माह के बच्चे को भी कोरोना संक्रमण मिला है। उसे मेडिकल कालेज में आइसोलेट कराया गया है। परिवार में एक लोग पहले कोरोना संक्रमित मिले थे।
कोरोना संक्रमण की जांच के लिए पूर्व प्रेषित सैंपल में 81 व्यक्तियों की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव प्राप्त हुई है। इसमें रैपिड एंटीजन टेस्ट (रैट) के 61, आरटी-पीसीआर के 15, ट्रू नेट मशीन के 5 केस हैं। अब तक कुल 1624 कोरोना पाजिटिव मरीज पाए गए हैं। वर्तमान समय में 969 एक्टिव केस हैं। 626 मरीज स्वस्थ होकर डिस्चार्ज हो चुके हैं। 29 मरीजों की मौत हुई है।