रानी की सराय। आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने और अनधिकृत वाहनों को नियंत्रित करने के उद्देश्य से प्रशासन द्वारा ई-रिक्शा और ऑटो चालकों के लिए पहचान से संबंधित जानकारी अंकित करने का आदेश जारी किया गया था।
इसमें यह स्पष्ट किया गया था कि हर वाहन पर चालक का नाम, आधार नंबर और मोबाइल नंबर अंकित होना अनिवार्य है ताकि किसी भी आपराधिक या आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके।
प्रशासनिक निर्देशों के बावजूद शहर की सड़कों पर बिना पहचान वाले ई-रिक्शा और ऑटो की भरमार है। अधिकतर वाहनों पर न तो चालक का नाम लिखा है, न ही कोई संपर्क नंबर या आधार विवरण अंकित है। इससे न केवल प्रशासन की मंशा को ठेस पहुंच रही है बल्कि अपराध की स्थिति में अपराधियों की पहचान भी बेहद मुश्किल हो जाती है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि इस तरह के वाहनों पर लगाम कसने के लिए सिर्फ आदेश नहीं, बल्कि नियमित चेकिंग अभियान और जुर्माना कार्रवाई जरूरी है। यदि जल्द ही इस पर प्रभावी कदम नहीं उठाए गए, तो यह स्थिति सड़क सुरक्षा और कानून-व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती बन सकती है।
एआरटीओ प्रवर्तन अतुल कुमार यादव ने बताया कि सभी ऑटो व ई-रिक्शा वाहनों पर नाम, आधार, मोबाइल नंबर सहित अन्य जानकारी दर्ज की जाएगी। यदि कोई नहीं किया है तो वह कर ले यदि पकड़ा गया तो चालान किया जाएगा। संवाद