आजमगढ़। बिलरिया की चुंगी व आईटीआई से शहर की तरफ अब आटो के संचालन पर ब्रेक लगेगा। इन दोनों स्थानों पर आटो चालकों के लिए पार्किंग की व्यवस्था की जा रही है। जहां आटो चालक नि:शुल्क अपने आटो पार्क करेंगे। इन स्थानों से शहर में आने के लिए लोगों को मात्र रिक्शा व ई-रिक्शा का सहारा लेना पड़ेगा।
शहर में जाम के झाम पर नियंत्रण को लेकर जगह-जगह पार्किंग की जरूरत है। जिसे लेकर जिला प्रशासन ने नपा प्रशासन व यातायात विभाग को निर्देश दिया है। इसके साथ ही एडीएम प्रशासन के नेतृत्व में एक कमेटी भी गठित हुई है। जिसमें एसपी सिटी, सीओ सिटी, एसडीएम सदर व ईओ नगर पालिका शामिल है। इस कमेटी ने शहर में आटो के प्रवेश पर लगाम का निर्णय लिया है। इसके तहत बिलरिया की चुंगी व आईटीआई कालेज के पास आटो पार्क करने के लिए पार्किंग की व्यवस्था की गई है। इन दोनों स्थानों पर नपा प्रशासन ने बोर्ड आदि लगा दिया है और अन्य व्यवस्थाएं की जा रही है। इस स्थानों पर ही आटो को रोक दिया जायेगा और वहां से शहर में सिर्फ रिक्शा व ई-रिक्शा का संचालन होगा। एक-दो दिनों में इस नई व्यवस्था की शुरूआत कर दी जायेगी। शहर को जाम के झाम से बचाने के उद्देश्य को लेकर यह कवायद जिला प्रशासन के निर्देश पर गठित कमेटी ने लिया है।
शहर की तरफ आने वाले हर रास्तों पर ऐसे पार्किंग की व्यवस्था किये जाने की योजना है, जिसके लिए जगह खोजी जा रही है। कमेटी ने आईटीआई मैदान व बिलरिया की चुंगी के पास बोर्ड लगाने का निर्देश दिया। जिसके तहत बोर्ड लगा दिये गये है।
शुभनाथ प्रसाद, ईओ, नगर पालिका, आजमगढ़।
जिला प्रशासन के निर्देश पर गठित हुई कमेटी ने यह निर्णय लिया है कि आटो शहर में न चले ताकि जाम के झाम से शहर की सड़क को मुक्त कराया जा सके। शहर की सड़कों पर सिर्फ रिक्शा व ई-रिक्शा का संचालन होगा। आटो को चिन्हित पार्किंग के पास ही रोक दिया जायेगा।
मो. अकमल, सीओ सदर/टैफिक।