प्रसन्न मुद्रा में श्री अग्रवाल हितकारिणी न्यास ट्रस्ट के विजयी प्रत्याशी। संवाद
- फोटो : 1
आजमगढ़। श्री अग्रवाल हितकारिणी न्यास ट्रस्ट के चुनाव में रविवार की देर रात तक हुई मतगणना में विभिन्न पदों के प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला हो गया। चुनाव में अध्यक्ष समेत प्रमुख पदों पर नए चेहरों ने जीत दर्ज कर संगठन की कमान संभाली।
ट्रस्ट अध्यक्ष पद पर हुए मुकाबले में अतुल कुमार अग्रवाल उर्फ मुन्ना ने 420 मत प्राप्त कर जीत हासिल की। उन्होंने वर्तमान अध्यक्ष सुदर्शन प्रसाद अग्रवाल को पराजित किया, जिन्हें 244 वोट मिले। इस प्रकार अतुल कुमार अग्रवाल ने 176 मतों से जीत हासिल की। वहीं अग्रवाल धर्मशाला एवं भंडार के अध्यक्ष पद पर राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल ने 421 मत पाकर जीत दर्ज की। उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी ओम प्रकाश अग्रवाल को 241 वोट मिले। ओमप्रकाश अग्रवाल को 180 मतों से हार का सामना करना पड़ा।
वहीं अग्रवाल धर्मशाला एवं भंडार के उपाध्यक्ष पद पर आशीष अग्रवाल 380 वोट पाकर विजयी रहे, उनके प्रतिद्वंद्वी अंकित अग्रवाल को 283 मत प्राप्त हुए। अग्रवाल धर्मशाला एवं भंडार प्रबंधक पद के लिए डेविड अग्रवाल ने 432 मत हासिल कर जीत दर्ज की। उनके प्रतिद्वंदी निखिल अग्रवाल को 226 मत प्राप्त हुए। अग्रवाल धर्मशाला एवं भंडार सहायक प्रबंधक पद पर अमरनाथ अग्रवाल 345 मतों के साथ विजयी घोषित किए गए। उनके प्रतिद्वंदी गगन कुमार अग्रवाल को 312 मत प्राप्त हुए।
चुनाव अधिकारी टीएन अग्रवाल ने विजयी प्रत्याशियों की घोषणा की। उन्होंने बताया कि इस चुनाव में कुल 857 वोटर थे। इनमें से 671 मतदाताओं ने मतदान में हिस्सा लिया था। इसमें एक वोट अवैध घोषित हो गया। चुनाव का कार्य सकुशल संपन्न हुआ।