मंडलायुक्त कार्यालय के सभागार में बुधवार को मंडलीय धान क्रय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें सभी केंद्र प्रभारियों से धान खरीद में क्वालिटी तथा किसानों के हितों का विशेष ध्यान रखने की बात कही गई।
उपस्थित अधिकारियों, केंद्र प्रभारियों को एफसीआई की तकनीकी समिति द्वारा धान की क्वालिटी का नमूना भी दिखाया गया।
अपर आयुक्त (प्रशासन) अनिल कुमार मिश्र ने कहा कि धान क्रय एक नियमित प्रकिया है, इसलिए पूर्व की भांति सभी व्यवस्थाएं क्रय केंद्रों पर सुनिश्चत कर ली जाएं।
उन्होने सभी क्रय एजेंसियों के जिला प्रबंधकों को निर्देश दिया कि क्रय केंद्रों के खुलने का समय सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे तक निर्धारित है, केंद्र समय से खुले इसका ध्यान दिया जाए।
उन्होंने कहा कि धान की गुणवत्ता छिलके आधार पर नहीं बल्कि इसके चावल के आधार पर परखें, यदि चावल सही है तो उसे अवश्य खरीदा जाएगा।
उन्होंने कहा कि धान की खरीद अधिक से अधिक करने तथा किसानों के हितों को देखते हुए शासन द्वारा इस बार कई अन्य व्यवस्थाएं दी गई हैं।
कहा कि इसका ध्यान दें कि किसान कही का भी रहने वाला हो, यदि वह अपनी उपज बेचने के लिए फोटोयुक्त पहचान पत्र के साथ आता है तो उसका धान भी खरीदा जाए।
उन्होंने केंद्र प्रभारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कही से किसी किसान के अहित और नुकसान की शिकायत मिलती है तो संबंधित के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इस मौके पर संभागीय खाद्य नियंत्रक अरूण कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।