आजमगढ़। कलेक्ट्रेट स्थित नेहरू हॉल सभागार में बुधवार को आयोजित कार्यक्रम में समाजसेवी एवं कुशल उद्यमी लल्लन चौहान ने समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इस मौके पर कार्यकर्ता और आमजन उपस्थित रहे, जिन्होंने माल्यार्पण कर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद धर्मेंद्र यादव ने कहा कि भाजपा की केंद्र व राज्य सरकारों में गरीब, मजदूर, दलित, पिछड़े और मुसलमान अन्याय और शोषण के शिकार हो रहे हैं।
सांसद ने आरोप लगाया कि सरकारी तंत्र में संगठित भ्रष्टाचार व्याप्त है और पूंजीपतियों के हित में नीतियां बनाई जा रही हैं, जिससे अमीर और अमीर तथा गरीब और गरीब होता जा रहा है। उन्होंने कहा कि महंगाई और बेरोजगारी अपने चरम पर है, शिक्षा और चिकित्सा आम आदमी की पहुंच से बाहर हो गई हैं। सरकारी संस्थाओं को औने-पौने दामों पर बेचा जा रहा है और नौकरी के नाम पर आउटसोर्सिंग व संविदा व्यवस्था से आरक्षण को निष्प्रभावी किया जा रहा है। धर्मेंद्र यादव ने कहा, अखिलेश यादव ने पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) की ताकत को मजबूत करने का संकल्प लिया है और 2027 में गरीबों की सरकार बनेगी। लल्लन चौहान ने अपने ने कहा कि वह पार्टी नेतृत्व और कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर पीडीए की ताकत को मजबूत करेंगे और 2027 में अखिलेश यादव को उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाने का हर संभव प्रयास करेंगे।
समारोह में सपा जिलाध्यक्ष हवलदार यादव, सांसद दरोगा प्रसाद सरोज, पूर्व सांसद नंदकिशोर यादव, विधायक संग्राम यादव, पूर्व एमएलसी कमला प्रसाद यादव, नफीस अहमद, पूजा सरोज, महेंद्र चौहान, राकेश यादव गुड्डू समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।