आजमगढ़। मेरा बूथ सबसे मजबूत का नारा देनी भाजपा अपने ही दिग्गज नेताओं के बूथ पर कमजोर नजर आई। भाजपा के कैबिनेट मंत्री और क्षेत्रीय अध्यक्ष भी अपने गांव के बूथों पर भाजपा को जीत नहीं दिला सके। जबकि दोनों जिलाध्यक्ष भी अपने गांव के बूथों पर भी पार्टी को बढ़त दिलाने में नाकाम रहे।
लोकसभा चुनाव संपन्न होने के बाद अब भाजपा हार पर मंथन करने में जुटी है। अगर बूथवार मतगणना में जारी आंकड़ों पर गौर करें तो पार्टी के दिग्गज नेता भी अपने गांव के बूथ पर पार्टी को जीत दिलाने में नाकाम दिखे। सपा छोड़ भाजपा में शामिल हुए कैबिनेट मंत्री दारा सिंह नगर से सटे गेलवारा गांव के निवासी हैं।
उनके गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय गेलवारा में मतदान के लिए दो बूथ बनाए गए थे। कैबिनेट मंत्री ने इनमें से बूथ संख्या 242 पर मतदान किया था। मतगणना में इस पर भाजपा को 283 मत और सपा को 655 मत और बसपा को मात्र नौ मत मिले। वहीं दूसरे बूथ 243 पर भाजपा को 212, सपा को 244 और बसपा को 298 मत मिले। इस प्रकार दोनों ही बूथों पर भाजपा को हार का सामना करना पड़ा। जबकि इसी गांव के रहने वाले पूर्व विधायक रामदर्शन यादव भी भाजपा में ही हैं।
वहीं निजामाबाद विधानसभा के पूरबपट्टी गांव गोरखपुर क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानंद राय का पैतृक गांव है। जहां वह बूथ नंबर तीन पर मतदाता हैं। यहां उनके बूथ पर भाजपा प्रत्याशी नीलम सोनकर के पक्ष में 153, समाजवादी पार्टी को 229 और बसपा को प्रत्याशी को 156 मत प्राप्त हुए। यहां भाजपा तीसरा नंबर पर रही। वहीं के दूसरे चार नंबर बूथ पर भाजपा को 167 वोट, सपा को 241, बसपा को 162 मिले यहां पर भी भाजपा दूसरे नंबर पर रही।
आजमगढ़ जिलाध्यक्ष भी नहीं जिता सके बूथ
भाजपा के आजमगढ़ जिलाध्यक्ष श्रीकृष्ण पाल गढ़वल गांव के निवासी हैं। उनके गांव में मतदान के लिए दो बूथ बनाए गए थे। जिसमें बूथ संख्या 370 पर उनकी पार्टी को 235 मत मिले, सपा को 275 मत और बसपा को 32 मत मिले। वहीं बूथ संख्या 371 पर भाजपा को 104, सपा को 36 और बसपा को 349 मत प्राप्त हुए।
लालगंज जिलाध्यक्ष को एक बूथ पर मिली जीत तो दूसरी पर हार
भाजपा जिलाध्यक्ष लालगंज सूरज प्रकाश श्रीवास्तव तहबरपुर विकास खंड के बीबीपुर गांव के निवासी हैं। उनके गांव में मतदान के लिए दो बूथ बनाए गए थे। यहां एक बूथ पर बसपा को 393 मत सपा को 64 मत और भाजपा को 43 मत प्राप्त हुए। वहीं दूसरे बूथ पर बसपा को आठ वोट, सपा को 114 वोट और भाजपा को 320 वोट मिले।