मेंहनगर। डीएम राजेश कुमार ने शुक्रवार को नगर पंचायत मेंहनगर के टाउन एरिया के निकट वार्ड नंबर नौ के कंटेनमेंट जोन व सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मेंहनगर का निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने कई लोगों का नियमों का उल्लंघन करने पर चालान काटने का निर्देश दिया।
कंटेनमेंट जोन के निरीक्षण के दौरान कंटेनमेंट जोन के अंदर बिना मास्क लगाए सहायक अध्यापक बेसिक शिक्षा विभाग भृगुनाथ प्रसाद मोटरसाइकिल से आ रहे थे। कंटेनमेंट जोन के प्रोटोकाल का अनुपालन न करने एवं मास्क न लगाने पर 500 रुपये का चालान काटा गया। बीएसए को विभागीय कार्रवाई करने का भी निर्देश दिया। इसके बाद डीएम ने कंटेनमेंट जोन के बाहर रंगोली ड्रेसेज के मालिक मुकुंद यादव से पूछा कि दुकानों पर आने वाले ग्राहकों का नाम, पता व मोबाइल नंबर दर्ज हो रहा है कि नहीं। पता चला कि ग्राहकों के लिए रजिस्टर नहीं बनाया गया है। इस पर दुकानदार का 500 रुपये का चालान काटा गया। वहीं नाई की दुकान के मालिक रेहान बिना ग्लव्स, हेड कैप लगाए व बिना जूता पहने ही एक व्यक्ति का बाल काट रहे थे। अब तक कितने लोगों के बाल काटे गए हैं, उनका नाम, पता व मोबाइल नंबर रजिस्टर में दर्ज नहीं किया गया था। इस पर 500 रुपये का चालान काटते हुए दुकान को सप्ताह भर के लिए सील कर दिया गया है। वहीं शिव कृपा स्वीट हाउस के मालिक प्रिंस से जानकारी में पाया गया कि मिठाई खरीदने वाले ग्राहकों का नाम, पता व मोबाइल नंबर रजिस्टर में दर्ज नहीं पाया गया। ना ही ग्राहकों के लिए रजिस्टर नहीं बनाया गया है। इस पर डीएम ने दुकान का चालान करने के लिए प्रभारी निरीक्षक को निर्देश दिए। मेंहनगर में कोरोना पॉजिटिव केस अधिक होने की स्थिति में डीएम ने एसडीएम मेंहनगर व सीओ लालगंज को निर्देशित किया कि सभी दुकानदारों को निर्देशित करें कि वह दुकान से सामान खरीदने वाले व्यक्तियों का पूरा पता रजिस्टर में दर्ज करें। इसका आकस्मिक रूप से निरीक्षण भी करें। जो दुकानदार पालन नहीं करते उनके खिलाफ कार्रवाई करें। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मेंहनगर के निरीक्षण में पाया कि कोरोना महामारी के रोकथाम व बचाव के प्रचार-प्रसार के लिए पब्लिक एड्रेस सिस्टम नहीं लगाया गया है। ना ही नार्मल मरीजों के लिए अलग से काउंटर बनाया गया है। हेल्प डेस्क सिस्टम अंदर स्थापित पाया गया। इस पर डीएम ने नाराजगी व्यक्त करते हुए प्रभारी चिकित्साधिकारी को निर्देशित किया कि जल्द से जल्द पब्लिक एड्रेस सिस्टम के माध्यम से कोरोना महामारी से बचाव की जागरूकता का प्रचार-प्रसार करें व नार्मल मरीजों के लिए अलग से काउंटर बनाते हुए कोविड हेल्प डेस्क को बाहर स्थापित करें। इस मौके पर एडीएम प्रशासन नरेंद्र सिंह, एसडीएम प्रियंका प्रियदर्शिनी, सीओ अरूण कुुमार यादव, तहसीलदार पवन कुमार सिंह आदि उपस्थित थे।