लखनऊ। ऑनलाइन बेटिंग गेम में उधारी के 20 हजार रुपये हारने के बाद छात्र ने फंदा लगाकर जान दे दी। परिजन का कहना है कि उधारी देने वाले लोग रकम वापसी का दबाव बना रहे थे। प्रताड़ित होकर उसने बुधवार रात अपने बड़े भाई के किराये के कमरे में खुदकुशी कर ली। जांच की मांग की है। घटना गोमतीनगर इलाके की है।
झारखंड के परसाबाद निवासी अनुज कुमार बरनवाल (18) ने बीते साल इंटर की परीक्षा पास की थी। वह प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे थे। उनके बड़े भाई आदित्य गोमतीनगर इलाके के कठौता गांव में साथी शिवम के साथ किराये पर रहते हैं। कठौता चौराहे पर उनकी पान की दुकान है। आदित्य को किसी काम से दिल्ली जाना था। उन्होंने अनुज को दुकान पर बैठने के लिए बुलाया था। अनुज चार दिन पहले लखनऊ आए थे। आदित्य दिल्ली चले गए। बुधवार को उन्होंने अनुज को फोन किया तो उसने बताया कि वह दुकान पर बैठा है। शाम को आदित्य ने फिर कॉल की तो फोन नहीं उठा।
आदित्य के कहने पर शिवम जब कमरे पर पहुंचा तो दरवाजा अंदर से बंद था। कई बार खटखटाने पर दरवाजा नहीं खुला। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़ा तो अनुज फंदे से लटके मिले। शिवम अनुज को सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे, वहां डॉक्टरों ने उनको मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने छानबीन के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। भाई की मौत की खबर पाकर आदित्य भी दिल्ली से लौट आए।
ऑनलाइन बेटिंग गेम खेलने का आदी था अनुज
आदित्य ने बताया कि अनुज ऑनलाइन बेटिंग गेम खेलने का आदी था। इसके चलते वह 20 हजार रुपये हार गया था। उसने कुछ लोगों से रुपये उधार ले रखे थे। जो रुपये वापस मांग रहे थे। उन्होंने आशंका जताई है कि उधार देने वाले उनके भाई को प्रताड़ित कर रहे थे। उन्होंने अनुज के बैंक खाते और कॉल डिटेल की जांच की मांग की है। परिवार में पिता राजमिस्त्री उमेश प्रसाद बरनवाल और मां बीना देवी हैं।
इन बातों का अभिभावक रखें ध्यान
- बच्चे अगर मोबाइल फोन पर गेम खेलते हैं तो अभिभावक इसके बारे में जानकारी जरूर रखें।
- गेमिंग के दौरान बच्चों को लेनदेन से दूर रहने के लिए जरूर बताएं।
- बेटिंग गेम की लत बेहद खतरनाक होती है। बच्चों को इसके बारे में जागरूक करें।
- गेमिंग के दौरान बच्चे किन लोगों के संपर्क में हैं। इस पर भी नजर रखें।
- समय-समय पर बच्चों को ऑनलाइन गेमिंग और उसके दुष्प्रभावों के बारे में बताएं।