आजमगढ़। सिधारी थाना क्षेत्र के सफुद्दीनपुर निवासी गोविंद कुमार यादव ने अपनी कबाड़ की दुकान में आगजनी और धमकी का गंभीर आरोप लगाया है। गोविंद ने बताया कि उनकी दुकान हरवंशपुर में पांच साल से चल रही थी, जिसका किराया वह गुड्डी सिंह को चार हजार रुपये प्रतिमाह देते थे।
उन्होंने बताया कि 15 मई को दो लोगों ने दुकान खाली करने की धमकी दी और गाली-गलौज करते हुए आग लगाने की बात कही। बुधवार की रात 11.30 बजे चार पांच की संख्या में कुछ व्यक्तियों ने मिलकर दुकान में आग लगा दी, जिससे चार लाख रुपये का सामान जलकर नष्ट हो गया। गोविंद ने बताया कि आगजनी से पहले रात नौ बजे एक व्यक्ति अपने साथियों के साथ दुकान के पास शराब पीते और मांस खाते देखे गए। घटना के बाद उक्त व्यक्ति ने धमकी दी कि यदि जमीन खाली नहीं की गई तो जेसीबी से दुकान और आसपास की दुकानों को गिराकर कब्जा कर लिया जाएगा। गोविंद के पास घटना का वीडियो और फोटो मौजूद हैं, जिसके आधार पर उन्होंने सिधारी थाना में एफआईआर दर्ज करने के लिए प्रार्थना पत्र दिया है। सिधारी थाना प्रभारी शशिचंद्र चौधरी ने बताया कि पीड़ित ने प्रार्थना पत्र दिया है। जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।