सिधारी। महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2025 के उपलक्ष्य में 1 जून से 21 जून तक विविध आयोजनों की तैयारी अंतिम चरण में है। कुलाधिपति और उप्र की राज्यपाल के निर्देश पर विश्वविद्यालय प्रशासन ने इसकी तैयारियां दो सप्ताह पहले से शुरू कर दी हैं।
कुलपति प्रोफेसर संजीव कुमार की निगरानी में प्रोफेसर प्रशांत राय को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है, जिन्हें संबद्ध महाविद्यालयों के साथ तालमेल बनाकर आयोजन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
विश्वविद्यालय के मीडिया प्रभारी डॉ. प्रवेश कुमार सिंह ने बताया कि आयोजन की थीम एक पृथ्वी-एक स्वास्थ्य होगी। 1 जून से शुरू होने वाले कार्यक्रमों में सामूहिक योगाभ्यास, योग मैराथन, योग पर संगोष्ठी, योग वाटिका, योग प्रदर्शनी, योग पर पुस्तक प्रकाशन और सामूहिक सूर्य नमस्कार शामिल हैं। इसके अलावा, 5 से 11 जून तक सात दिवसीय निशुल्क योग शिविर का आयोजन होगा, जिसमें छात्र-छात्राओं के परिजनों, गांवों के सीनियर सिटीजन और चट्टी-चौराहों पर लोगों की भागीदारी होगी। इस दौरान योग गुरुओं और हड्डी रोग विशेषज्ञों को आमंत्रित किया गया है, जो निशुल्क जांच की सुविधा प्रदान करेंगे।
नोडल अधिकारी प्रोफेसर प्रशांत राय ने बताया कि 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस समारोह मुख्य आकर्षण होगा, जिसमें पूरे विश्वविद्यालय परिवार की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।
कुलसचिव ने सभी संबद्ध महाविद्यालयों को 1 से 21 जून तक कम से कम 10 कार्यक्रम आयोजित करने और सूर्य नमस्कार के विश्व कीर्तिमान के लिए अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। इसके साथ ही, जियो-टैग फोटो और विस्तृत रिपोर्ट विश्वविद्यालय को शीघ्र उपलब्ध कराने को कहा गया है। इस अवसर पर कुलसचिव, सहायक कुलसचिव, कुलपति के निजी सहायक भूपेंद्र पांडे, विपिन शर्मा आदि उपस्थित रहे।