तरवां पुलिस ने शुक्रवार की सुबह बरदह थाना क्षेत्र के दुलारगंज बाजार में अपहरण के मामले में 25 हजार के इनामी तूफानी मुसहर को गिरफ्तार कर लिया। वर्ष 2015 में उसने तरवां क्षेत्र के पडरी गांव से एक बालिका का अपहरण किया था। उसकी मंशा थी कि बड़ी होने पर वह बालिका को बेच देगा। पुुलिस ने आरोपी का चालान कर बालिका को उसके घर वालों को सौंप दिया।
एसपी अजय कुमार साहनी ने शुक्रवार को मीडिया को बताया कि तूफानी मुसहर तरवां थाना क्षेत्र के अतरकुशा गांव का निवासी है। उसने दो अक्तूबर 2015 को तरवां थाना क्षेत्र के पडरी गांव निवासी हैप्पी (11) पुत्री हीरा यादव का अपहरण कर लिया। उसके फरार हो जाने पर पुलिस ने उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
शुक्रवार की सुबह एसओ तरवां कृष्णमोहन सिंह मुखबिर से सूचना पर वह हैप्पी के दादा राजदेव यादव को अपने साथ लेकर बरदह क्षेत्र के दुलारगंज बाजार पहुंचे और वहां से तूफानी मुसहर को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से हैप्पी को छुड़ा लिया गया। एसपी ने बताया कि हैप्पी का अपहरण करने के बाद वह उसे लेकर पंजाब के पटियाला चला गया और उससे वहां मजदूरी करवा रहा था।
पांच दिन पूर्व वह हैप्पी को लेकर दुलारगंज बाजार आया और यहां एक ईट भट्ठे पर काम करने लगा। शुक्रवार को वह सामान लेने के लिए दुलारगंज बाजार आया था, जहां से पकड़ लिया गया।