सरकारी स्कूलों में योगा टीचर की नौकरी दिलाने के नाम पर लोगों से लाखों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह के एक और आरोपी को मुबारकपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
आरोपी के पास से 11 फर्जी नियुक्ति पत्र और अन्य दस्तावेज बरामद किए गए हैं। मामले में पुलिस पहले एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
मुबारकपुर थाना क्षेत्र की पुरानी बस्ती निवासी सुजाता जायसवाल ने एक अगस्त को पुलिस से शिकायत की थी कि रितेश वर्मा, संदीप गुप्ता और उनके अन्य सहयोगियों ने एनजीओ के तहत योगा टीचर की नौकरी दिलाने के नाम पर उनसे और कई अन्य लोगों से प्रति व्यक्ति 1.35 लाख रुपये लिए।
आरोप है कि इसके बाद ‘मेक्स आइडिया’ के नाम से फर्जी और कूटरचित ज्वाइनिंग लेटर देकर लोगों के साथ धोखाधड़ी की गई। शिकायत के आधार पर मुबारकपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी।
मामले में दो अगस्त को आरोपी रितेश वर्मा को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। इसी मामले में वांछित चल रहे एक अन्य आरोपी राजेंद्र चौहान की पुलिस तलाश कर रही थी।
थाना प्रभारी शशिचंद्र चौधरी ने बताया कि सोमवार को पुलिस टीम को सूचना मिली कि आरोपी राजेंद्र चौहान रोडवेज तिराहे पर मौजूद है। घेराबंदी की तो आरोपी भागने लगा, लेकिन पीछा कर उसे पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी राजेंद्र चौहान बलिया जनपद के भीमपुरा थाना क्षेत्र के चरौवां (नाद पलिया) गांव का निवासी है। वर्तमान समय में वह सिधारी थाना क्षेत्र के भदुली में रह रहा था। थाना प्रभारी ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने खुद को कंप्यूटर/सॉफ्टवेयर इंजीनियर बताया है।
तलाशी के दौरान उसके पास से 11 फर्जी नियुक्ति पत्र और अन्य दस्तावेज व बाइक बरामद किए गए। पुलिस मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।