लाटघाट। उत्तर प्रदेश माध्यमिक संस्कृत शिक्षा परिषद की बोर्ड परीक्षा का परिणाम भी शानिवार को जारी किया गया। प्रदेश स्तर पर जारी टॉपटेन की सूची में परिषद की पूर्व मध्यमा द्वितीय (10वीं) परीक्षा में जिले की छात्रा अंजलि ने छठा तो अर्पिता दुबे ने 9वां स्थान प्राप्त किया। जबकि उत्तर मध्यमा द्वितीय (12वीं) में जिले की छात्रा बिंदु पटेल ने चौथा स्थान प्राप्त किया है।
उत्तर प्रदेश माध्यमिक संस्कृत शिक्षा परिषद की बोर्ड का पटल देख रहे विकास नायक ने बताया कि परिषद की पूर्व मध्यमा और उत्तर मध्यमा स्तर की परीक्षा 15 फरवरी से एक मार्च तक जिले के 10 केंद्रों पर आयोजित की गई। इसमें करीब 1771 विद्यार्थी पंजीकृत थे। जिसमें कक्षा-10वीं में कुल 770, कक्षा-11वीं में 600 व कक्षा-12वीं में 401 विद्यार्थी पंजीकृत थे। जिसमें 1670 परीक्षा में पास हुए। शनिवार को संस्कृत बोर्ड ने भी परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया। बोर्ड ने प्रदेश स्तर पर टॉप करने वाले विद्यार्थियों की सूची जारी की। जिसमें ईश मार्ग संस्कृत विद्यालय गड़ेरुवा की पूर्व मध्यमा की छात्रा अंजलि पुत्री राजू ने 88.50 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रदेश सूची में छठा स्थान प्राप्त किया। इसी विद्यालय की पूर्व मध्यमा की छात्रा अर्पिता दुबे पुत्री राधेश्याम दुबे ने 88.28 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रदेश सूची में 9वां स्थान प्राप्त किया। वहीं उत्तर मध्यमा में प्रदेश स्तर पर जारी टॉपटेन की सूची में जिले के श्री भुवाल संस्कृत उमा. विद्यालय की छात्रा बिंदु पटेल पुत्री महेंद्र सिंह ने 79.23 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रदेश में चौथा स्थान प्राप्त किया। पूर्व मध्यमा का परिणाम 87.42 प्रतिशत और उत्तर मध्यमा का 86.63 प्रतिशत रहा।