थाना क्षेत्र के बासी जप्ती माफी गांव के सामने मंगलवार की सुबह अनियंत्रित ट्रैक्टर ने साइकिल सवार दो बच्चों को धक्का मार दिया। दुर्घटना में बच्चों के घायल होने से नाराज ग्रामीणों ने गांव के सामने की सड़क पर जाम लगा दिया। जाम की सूचना पर करीब एक घंटे बाद मौके पर पहुंचे एसडीएम और सीओ बूढ़नपुर ने ग्रामीणों को आश्वासन देकर जाम समाप्त कराया। इस दौरान आजमगढ़-फैजाबाद मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
ट्रैक्टर की चपेट में आकर घायल हुए बच्चे मनीष(8) पुत्र राजेश कुमार और अतुल(12) पुत्र राजेश कप्तानगंज थाने के झंझारी गांव के निवासी हैं। मंगलवार की सुबह नौ बजे के करीब दोनों एक ही साइकिल से अतरौलिया थाना क्षेत्र में स्थित देउपरपुर बाजार जा रहें थे। जैसे ही उनकी साइकिल बासी जप्ती माफी गांव पहुंची, एक अनियंत्रित ट्रैक्टर ने उन्हें टक्कर मार दिया।
दुर्घटना में साइकिल सवार दोनों बच्चों को गंभीर चोटे आई। स्थानीय लोग जब तक कुछ करते चालक ट्रैक्टर लेकर फरार हो गया। इस दौरान ग्रामीणों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस के मौके पर न पहुंचने से नाराज ग्रामीणों ने घायल किशोरों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया।
साथ ही घटनास्थल पर जाम लगा दिया। जाम से वाहनों की लंबी कतार लग गई। बाद में सूचना मिलने पर एसडीएम बूढ़नपुर रामगोपाल सिंह और सीओ रमेश मौके पर पहुंचे। दोनों अधिकारियों के आरोपी केे खिलाफ कार्रवाई के आश्वासन पर एक घंटे बाद जाम समाप्त हुआ।