बूढ़नपुर। बूढ़नपुर तहसील क्षेत्र के चांदनी चौक पर शुक्रवार को बाजार वासियों ने विद्युत विभाग के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन किया। बाजारवासियों का आरोप है कि एक वर्ष पूर्व से ही पांच पोलों से विद्युत तार गायब है, जिसके चलते बाजार में विद्युत सप्लाई नहीं हो पा रही है। जिससे बाजार में लोग बिजली का प्रयोग नहीं कर पा रहे हैं।
बाजारवासियों ने आरोप लगाया कि विद्युत विभाग इतना लापरवाह है कि सैकड़ों बार शिकायत करने के बावजूद भी पोल पर तार नहीं लगाए गए। सक्षम लोग स्वता ही अपना विद्युत तार लगाकर विद्युत का उपयोग करते हैं, लेकिन एक दो महीने बाद रात के समय चोर केबिल काट ले जाते हैं। जिससे उपभोक्ता काफी परेशान रहते हैं। आरोप है कि विद्युत विभाग द्वारा समय से बिल तो भेज दे जाती है लेकिन बिना विद्युत उपयोग किए ही हम लोगों को विद्युत का बिल भुगतान करना पड़ रहा है। प्रदर्शन का नेतृत्व महेंद्र, सुरेंद्र, कालीचरण, मुकेश, राजकुमार, संजय, महिंद्र, अशोक, धर्मेंद्र, गुड्डू, अजय व मिथलेश मितालु सहित सैकड़ों उपभोक्ता शामिल थे। चेतावनी दी कि यदि बिजली ठीक नहीं की गई तो उपभोक्ता विद्युत उपकेंद्र पर ताला जड़ने का काम करेंगे। उपजिलाधिकारी नवीन प्रसाद ने बताया कि ग्रामीणों की समस्या मेरे संज्ञान में है। शीघ्र विभाग द्वारा विद्युत पोल पर तार लगवा दिए जाएंगे।