पेट्रोलियम पदार्थो के मूल्य वृद्घि के विरोध में कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन करते बीआरडी के कार्यकर्?
- फोटो : AZAMGARH
आजमगढ़। पेट्रोल-डीजल के मूल्य में लगातार हो रही वृद्धि के खिलाफ लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। सोमवार को भारत रक्षा दल के कार्यकर्ताओं ने इसके विरोध में शहर में मार्च निकाला। विरोध मार्च में शामिल कार्यकर्ता हाथों में तख्तियां लेकर चल रहे थे। प्रदर्शनकारियों ने सरकार से मांग की कि तत्काल पेट्रोलियम पदार्थों के मूल्य में हो रही वृद्धि पर नियंत्रण करके इस पर लिए जा रहे टैक्स में कटौती की जाए। प्रदर्शनकारियों ने पेट्रोल-डीजल को जीएसटी के दायरे में लाने की मांग भी की।
भारत रक्षा दल के कार्यकर्ताओं की ओर से निकाला गया विरोध मार्च कटरा कार्यालय से शुरू हुआ। यहां से कार्यकर्ता कुंवर सिंह उद्यान पहुंचे। यहां से विरोध मार्च गांधी तिराहा, रैदोपुर, तहसील सदर होते हुए कलेक्ट्रेट के पास कुंवर सिंह उद्यान में पहुंचकर समाप्त हुआ। विरोध मार्च में शामिल भारत रक्षा दल के उमेश सिंह गुड्डू ने कहा कि पेट्रोल-डीजल की मूल्यवृद्धि से हर जरूरी वस्तुओं की कीमत बढ़ रही है। आम जनता महंगाई से त्रस्त है। आरोप लगाया कि पेट्रोलियम पदार्थों के मूल्य में हो रही वृद्धि की अनदेखी करके सरकार देशवासियों के साथ अन्याय कर रही है। तेल और अन्य वस्तुओं की बढ़ती महंगाई ने लोगों को परेशान कर दिया है। प्रदर्शनकारियों ने पेट्रोलियम पदार्थों की मूल्य वृद्धि पर तत्काल नियंत्रण करके इसे जीएसटी के दायरे में लाने की मांग की। प्रदर्शन में सुनील वर्मा, जावेद अंसारी, रवि प्रकाश, मोहम्मद अफजल, धनंजय अस्थाना, अतुल श्रीवास्तव, प्रदीप मौर्या, मो शाहिद, प्रतीक मोदनवाल आदि शामिल थे।