अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर मंगलवार को जहां एक तरफ लोग महिलाओं के सशक्तीकरण की बात कर रहे थे। वहीं मानदेय में वृद्धि के लिए महिला आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ ने काली पट्टी बांधकर अंबेडकर पार्क में काला दिवस मनाया गया।
जिला संरक्षक अनिरुद्ध कुमार द्विवेदी ने कहा कि राष्ट्रीय मजदूर दिवस पर 2012 में मुख्यमंत्री की ओर से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं का मानदेय बढ़ाने का आश्वासन दिया गया था लेकिन चार वर्ष बीतने बाद भी आज तक कुछ नहीं दिया गया। मुख्य अतिथि द्रोपदी सिंह ने कहा कि आज अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर हम अपनी बहनों को संगठित कर राज्य और केंद्र सरकार से विरोध जताते रहेंगे। जब तक मानदेय बढ़ा न दिया जाए।
जिलामंत्री उषा सिंह ने कहा कि एक तरफ सरकार महिलाओं के सशक्तीकरण की बात करती है, दूसरी तरफ आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं का शोषण कर रही है। अध्यक्षता करते हुए सुमित्रा सिंह ने कहा कि महिला दिवस पर हम अपने संगठन के माध्यम से केंद्र और राज्य सरकार का विरोध करते रहेंगे। अपनी बहनों का शोषण किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेंगे। मौका मिलने पर केंद्र और राज्य की सरकारों को हम लोग सबक सिखाएंगे।
इस दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने अंबेडकर पार्क से जुलूस निकाला, जो पुलिस आफिस, नेहरू हाल, कलेक्ट्रेट चौराहा होते हुए पुन: अंबेडकर पार्क पहुंचकर समाप्त हुआ। जुलूस में शामिल कार्यकर्ताओं ने मानदेय वृद्धि के लिए नारे लगाए। इस मौके पर शीला सिंह, सीमा सिंह, कुसुम उपाध्याय, रानी मौर्या, शशिकला, उषा चतुर्वेदी, सरस्वती, गीता राय, सुनीता राय, पूनम पाठक आदि उपस्थित थीं।