सगड़ी (आजमगढ़)। जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में बृहस्पतिवार की रात छेड़खानी के विरोध पर बुजुर्ग की पिटाई कर दी गई, जिसकी इलाज के दौरान शुक्रवार की सुबह मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
गांव निवासी बुजुर्ग की पोती को गांव का एक युवक परेशान करता था। बृहस्पतिवार की रात करीब 10 बजे बुजुर्ग ने उलाहना दिया तो विपक्षियों ने लाठी, डंडे और रॉड से हमला कर दिया। बुजुर्ग के सिर में गंभीर चोटें आईं। उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, अजमतगढ़ ले जाया गया, जहां हालत गंभीर देख डॉक्टर ने रेफर कर दिया।
दूसरे अस्पताल में भर्ती कराए जाने के बाद शुक्रवार की सुबह चार बजे इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
लोगों का कहना है कि घायल अवस्था में बुजुर्ग ने पुलिस को अपना बयान दिया था, जिसमें उन्होंने हमलावरों के नाम बताए। मृतक एक पुत्र व दो पुत्री का पिता था।
जीयनपुर कोतवाल जितेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि दो लोगों को हिरासत में लिया गया है। एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि इस मामले में पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
बाजार में युवती से की छेड़खानी, वीडियो वायरल
बरदह। थाना क्षेत्र के गोडहरा बाजार में दिनदहाड़े मानसिक रूप से बीमार युवती के साथ हुई छेड़खानी की घटना का वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में बाजार में मौजूद भीड़ के बीच आरोपी ने युवती के साथ बदसलूकी की, उसे जमीन पर गिराया और जबरदस्ती करने की कोशिश की। हालांकि पूरी घटना का वीडियो वायरल होते ही पुलिस ने संज्ञान लिया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि घटना मंगलवार की है। आरोपी रामचंद्र राजभर जौनपुर जिले के देवकलापुर का निवासी है। वीडियो में देखा गया कि आरोपी ने लगातार युवती से अश्लील हरकतें कीं, जबकि युवती बार-बार खुद को बचाने का प्रयास करती रही। कुछ देर बाद कुछ स्थानीय लोग आगे बढ़े और आरोपी की पिटाई कर उसे भगाया। संवाद