सगड़ी। तहसील के बासूपार बनकट में सुमन देवी द्वारा मुख्यमंत्री पोर्टल पर की गई शिकायत में लेखपाल द्वारा लगाई गई रिपोर्ट से नाराज प्रधान प्रतिनिधि ने लेखपाल को धमकी दी। धमकी का ऑडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने पर एसडीएम ने इसकाे संज्ञान में लिया और तहसीलदार को मामले की जांच कर आख्या सौंपने का निर्देश दिया। कहा कि जांच के बाद दोषियों के विरुद्ध कार्यवाही की जाएगी।
बासुपार बनकट के लेखपाल नफीस अहमद ने बताया कि मुख्यमंत्री पोर्टल पर सुमन देवी द्वारा शिकायत की गई थी, जिसकी जांच रिपोर्ट मुझे मिली। स्थलीय निरीक्षण के बाद विभागीय अभिलेख के अनुसार मैंने जांच रिपोर्ट बनाकर अधिकारियों को सौंप दी। इसकी जानकारी होने पर प्रधान प्रतिनिधि ने जांच रिपोर्ट को गलत बताते हुए अनावश्यक दबाव बनाया और धमकी दी। शिकायतकर्ता सुमन देवी ने इस संबंध में बताया कि इस जांच रिपोर्ट को लेकर प्रधान प्रतिनिधि द्वारा मुझे रास्ते में रोक कर अपशब्द कहा और धमकी दी। इसकी लिखित शिकायत मैंने जीयनपुर कोतवाली में 30 अक्तूबर 2025 को दी है लेकिन अब तो कोई कार्रवाई नहीं हुई।