आजमगढ़। अयोध्या प्रकरण को लेकर रविवार को यानी दूसरे दिन भी जनपद में सब कुछ सामान्य रहा। लेकिन अफसर अभी भी अलर्ट हैं। जिन पुलिसकर्मियों की जहां पर ड्यूटी लगी थी। रविवार को भी वह वहीं पर ड्यूटी करते हुए नजर आए। मंदिर और मस्जिदों पर भी पुलिसकर्मी लगातार ड्यूटी कर रहे हैं। शहर के हालात सामान्य हैं। रविवार को छुट्टी का दिन होने के कारण बाजार बंद रहा और लोग अपने कार्यों में मशगूल रहे।
अयोध्या फैसले के दूसरे दिन जनपद में पुलिस, पीएसी और अर्द्घसैनिक बल के जवानों का पहरा रहा। पुलिस-प्रशासन ने मिश्रित आबादी वाले मोहल्लों के साथ संवेदनशील क्षेत्रों में कड़ी निगरानी रखी। रविवार को आम दिनों की तरह बाजार, सड़कों पर चहल-पहल रही। शहर के हृदय स्थल मुख्य चौक पर भी फोर्स लगाई गई थी। जिन अधिकारियों और जवानों की ड्यूटी जहां लगाई गई थी। रविवार को दूसरे दिन भी वह अपनी ड्यूटी पर पूरी तरह से मुश्तैद नजर आया। रविवार को छुट्टी का दिन होने के कारण जहां बहुत से लोगों ने अपने निजी कार्यों को निपटाया और इसके बाद वह घरों में कैद हो गए। शाम को बाजार में चहल पहल देखने को मिली। रोडवेज क्षेत्र से भी लोगों का आवागमन जारी रहा। हालांकि बारावफात को लेकर बसों में भीड़भाड़ कम देखने को मिली। रेलवे स्टेशन पर भी आवागमन करने वालों की भीड़ रही। ट्रेन पकड़ने के लिए लोग समय पर स्टेशन पहुंचते रहे।प्रशासन की ओर से हर नुक्कड़ हर गली के मोड़ पर पुलिस के जवानों की तैनाती की गई है। प्रशासनिक अधिकारियों की गाड़ियां पूरे दिन नगर क्षेत्र में चक्रमण करती रही। बारावफात को लेकर मुस्लिम समुदाय के लोग भी सड़कों के किनारे बांस बल्ली लगाकर सजावट करते नजर आए। जगह-जगह पर बारावफात का जुलूस भी निकाला गया जो सकुशल संपन्न हो गया। कलेक्ट्रेट परिसर में बने कंट्रोल रूम में अधिकारी और कर्मचारी बैठकर अधिकारियों से उनकी तैनाती की जानकारी लेते रहे और पल पल का हाल ले रहे थे।
दुकानों पर फैसले केे लेकर होती रही चर्चा
सुप्रीम कोर्ट द्वारा दिए गए फैसले के दूसरे दिन भी इस पर लोग चर्चा करते नजर आए। चाय की दुकान या पान की दुकान जहां भी चार लोग जमा होते इस फैसले पर चर्चा करते। सबका कहना यही होता था कि कोर्ट ने बहुत अच्छा फैसला दिया है। जिसके कारण दशकों से चले रहे विवाद का अंत हो गया।
सोशल मीडिया पर भी फैसले को लेकर की जा रही सराहना
मीडिया का एक वर्ग सोशल मीडिया है। जो हर घटना पर सबसे पहले अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करता है। अयोध्या प्रकरण पर आए फैसले ने सोशल मीडिया को भी अपना मुरीद बना लिया है। सोशल मीडिया पर हर कोई इस फैसले की तारीफ कर रहा है। साथ ही हर किसी से सौहार्द बनाए रखने की अपील भी की जा रही है। वहीं कुछ लोग ऐसे भी जो विवादित भूमि रामलला को मिलने पर बधाई दे रहे हैं।
बारावफात को लेकर दिखी चाक चौबंद व्यवस्था
अयोध्या फैसले के दूसरे दिन रविवार को बारावफात होने के कारण जिला प्रशासन पूरी तरह से सतर्क नजर आया। प्रशासन द्वारा इस दौरान बारावफात के जुलूस को सकुशल संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए थे। जहां से भी बारावफात का जुलूस निकलना था और जिस रास्ते से जाना था उस रास्ते पर पुलिस बल की व्यापक व्यवस्था की गई थी।
दूसरे दिन भी क्षेत्र में कफ्यू जैसा माहौल
मार्टीनगंज। अयोध्या मामले में शनिवार को आए फैसले को लेकर मार्टीनगंज तहसील क्षेत्र में सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए थे। जो व्यवस्था दूसरे दिन रविवार को भी लागू रही। आलम यह रहा कि सड़कों पर लोगों की भीड़ बहुत ही कम थी, और पुलिस, अधिकारी और अद्र्धसैनिक बल के जवानों की संख्या अधिक नजर आई। एसडीएम मार्टीनगंज सहित अन्य लोग भी भ्रमण करते हुए हालात का जायजा ले रहे थे।